Balod Times

सगाई में जा रही बस हादसे का शिकार: ओरसा घाटी में पलटा वाहन, 87 यात्री घायल, 5 की मौत, सीएम विष्णुदेव साय ने जताया शोक

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से सटे झारखंड के महुआडांड़ थाना क्षेत्र की ओरसा घाटी में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जब छत्तीसगढ़ से झारखंड जा रही यात्रियों से भरी बस घुमावदार और ढलान भरे रास्ते पर अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई;ग्रामीणों के मुताबिक इस हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत होने की बात सामने आई है, जबकि करीब 87 यात्री घायल बताए जा रहे हैं, हालांकि प्रशासन की ओर से मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है; बताया जा रहा है कि बस बलरामपुर जिले के महाराजगंज गांव से यात्रियों को लेकर सगाई समारोह में शामिल होने झारखंड जा रही थी, जैसे ही वाहन ओरसा घाटी के खतरनाक मोड़ पर पहुंचा, चालक का संतुलन बिगड़ गया और बस सड़क किनारे पलट गई, जिससे बस में सवार लगभग सभी यात्रियों को चोटें आईं और कई की हालत गंभीर बनी हुई है;

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे और मानवता दिखाते हुए घायलों को बस से बाहर निकालकर प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद महुआडांड़ एसडीएम विपिन कुमार दुबे के निर्देश पर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें अलर्ट हुईं और महुआडांड़, गारू व नेतरहाट से एंबुलेंस व मेडिकल स्टाफ मौके पर पहुंचा

घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए महुआडांड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया है, वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़–झारखंड सीमा पर हुई यह दुर्घटना अत्यंत दुखद है, उन्होंने दिवंगतों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए अधिकारियों को घायलों के समुचित और त्वरित उपचार के निर्देश दिए हैं;

सीएम साय के अनुसार 27 घायलों का इलाज कार्मेल अस्पताल और 60 घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा है; एसडीएम विपिन कुमार दुबे ने बताया कि 80 से अधिक घायलों को अस्पताल लाया गया है और सभी की चिकित्सकीय जांच के बाद ही मृतकों व घायलों की स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी जारी की जाएगी, फिलहाल राहत-बचाव कार्य जारी है और हादसे की जांच की जा रही है, जबकि इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और पीड़ित परिवारों में मातम का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!