बालोद |
सड़क सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिले में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज जिला चिकित्सालय बालोद में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक बालोद योगेश कुमार पटेल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन में, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्या.) श्री बोनीफॉस एक्का एवं यातायात प्रभारी निरीक्षक श्री रविशंकर पाण्डेय के नेतृत्व में संपन्न हुआ। शिविर का आयोजन सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने किया रक्तदान, लोगों को किया प्रेरित
रक्तदान शिविर में पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल ने स्वयं रक्तदान कर सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की सहायता हेतु समाज को प्रेरित किया। उन्होंने आमजन से अपील की कि सड़क दुर्घटना के गोल्डन ऑवर में पीड़ितों को शीघ्र नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाकर उनकी जान बचाने में सहयोग करें। इस अपील का व्यापक असर देखने को मिला और बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों व आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया।
यातायात नियमों के पालन का दिया संदेश
बालोद पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और जन-सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु निरंतर जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इस दौरान नागरिकों से अपील की गई कि
- वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करें
- संयमित गति से वाहन चलाएं
- रात्रि में वाहन चलाते समय अपर डिपर का प्रयोग करे
- मालवाहक वाहनों में सवारी परिवहन न करें
- शराब सेवन कर वाहन न चलाएं
- वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें
- नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने न दें
बालोद पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की सहायता के लिए वह सदैव तत्पर है और ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करती रहेगी।

