Balod Times

राज्य अल्पसंख्यक आयोग ने बालोद के 115 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित

बालोद। छत्तीसगढ़ शासन के छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग द्वारा बालोद जिले में अल्पसंख्यक समुदाय के कक्षा दसवीं से बारहवीं तक के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं के लिए जिला स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वार्षिक परीक्षा में 65 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को आयोग की ओर से प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आयोग अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शिक्षा सशक्त समाज की नींव है और अल्पसंख्यक समुदाय के प्रतिभावान विद्यार्थी परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य अल्पसंख्यक आयोग विद्यार्थियों के मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेगा।
इस अवसर पर मोटिवेशनल स्पीकर तरुण कुमार ने विद्यार्थियों को करियर चयन, लक्ष्य निर्धारण और भविष्य की चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार करने से संबंधित उपयोगी सुझाव दिए, जिससे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और उत्साह का संचार हुआ।

सम्मान समारोह में बालोद जिले के कुल 115 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शासकीय एवं निजी विद्यालयों के सैकड़ों विद्यार्थी, शिक्षकगण और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से आत्मानंद स्कूल के प्राचार्य अरुण कुमार साहू, शाला विकास समिति अध्यक्ष राकेश बाफना, अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष गगन हंसपाल, मंत्री अकबर तिगाला, जिला अध्यक्ष समीर खान सहित अन्य गणमान्य अतिथि एवं प्रमुखजन उपस्थित रहे। यह आयोजन सौहार्दपूर्ण और प्रेरणादायी वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!