Balod – पुलिस अधीक्षक बालोद श्री योगेश कुमार पटेल (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में थाना डौण्डीलोहारा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुरामी के जंगल में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी को बालोद पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। इस प्रकरण में अज्ञात महिला की नृशंस हत्या की गई थी, जिसकी पहचान बाद में कमला राजपूत के रूप में हुई।
अंधे कत्ल के इस प्रकरण को सुलझाने में सायबर सेल टीम एवं थाना डौण्डीलोहारा पुलिस टीम की विशेष भूमिका रही। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों एवं साइबर प्रहरी ग्रुप के माध्यम से मृतिका की पहचान संभव हो सकी।
मामले का संक्षिप्त विवरण
दिनांक 24.01.2026 को पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि थाना डौण्डीलोहारा क्षेत्र अंतर्गत गुरामी के जंगल में एक अज्ञात महिला का सड़ी-गली अवस्था में शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फॉरेंसिक टीम, साइबर सेल, थाना पुलिस एवं डॉग स्क्वाड तत्काल मौके पर पहुंचे। घटनास्थल को सुरक्षित कर गहन निरीक्षण किया गया।
विशेषज्ञों की राय के बाद प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होने पर थाना डौण्डीलोहारा में मर्ग एवं अपराध क्रमांक 19/2025 धारा 103(1), 238 बीएनएसएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विशेष टीम का गठन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज के मार्गदर्शन में, पुलिस अधीक्षक बालोद के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बालोद श्रीमती मोनिका ठाकुर के पर्यवेक्षण में एसडीओपी बालोद श्री बोनीफास एक्का के नेतृत्व में सायबर सेल एवं थाना डौण्डीलोहारा की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई।

मृतिका कमला राजपूत
मृतिका की पहचान व आरोपी की गिरफ्तारी
विवेचना के दौरान मृतिका की पहचान हेतु फोटो साइबर प्रहरी ग्रुप में साझा किया गया। जांच में यह शव थाना बालोद में दर्ज गुम इंसान क्रमांक 08/2026 की महिला कमला राजपूत का होना पाया गया। परिजनों द्वारा पहचान की पुष्टि के बाद पुलिस टीम सक्रिय हुई और संदेही को चिन्हांकित किया गया।
सायबर सेल द्वारा तकनीकी साक्ष्य एवं सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से संदेही नेमीचंद साहू पर संदेह गहराया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया।
अपराध की स्वीकारोक्ति
आरोपी ने बताया कि वह मृतिका से पिछले 5–7 वर्षों से प्रेम संबंध में था। मृतिका परित्यक्ता थी और आरोपी उस पर विवाह कर साथ रहने का दबाव बना रहा था।
दिनांक 16.01.2026 को दोनों मोटरसायकल से ग्राम गुरामी के जंगल घूमने गए, जहां आपसी विवाद के बाद आरोपी ने गुस्से में आकर पहले मारपीट की, फिर गला दबाकर बेहोश किया। इसके बाद पत्थरों से सिर व चेहरे पर वार कर हत्या कर दी और शव को जंगल में पत्थरों से ढंक दिया।
आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।

आरोपी का विवरण
• नेमीचंद साहू,
• पिता – जंगलू राम साहू,
• उम्र – 30 वर्ष,
• निवासी – तरोद, थाना बालोद, जिला बालोद (छ.ग.)
जप्त सामग्री
• एक मोटरसायकल
• मृतिका का मोबाइल हैंडसेट
सराहनीय भूमिका
इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में थाना प्रभारी डौण्डीलोहारा निरीक्षक श्री मुकेश सिंह, सायबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक श्री धरम भुआर्य सहित सायबर सेल एवं थाना डौण्डीलोहारा की पूरी टीम का विशेष योगदान रहा।

