बालोद। गुंडरदेही थाना क्षेत्र अंतर्गत हल्दी चौकी के ग्राम माहुद-बी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। तीन वर्षीय मासूम बच्ची प्रिया साहू की मौत के तीन माह बाद उसके दफन स्थल से छेड़छाड़ मिलने पर पूरे गांव में भय का माहौल बन गया है।
ग्रामीणों के अनुसार 9 अक्टूबर 2025 को बच्ची की मौत के बाद उसे गांव के मुक्तिधाम जाने वाले मार्ग के पास दफनाया गया था। रविवार को खेत की ओर जा रहे लोगों ने दफन स्थल को अव्यवस्थित देखा। पास ही कटा नींबू, मिट्टी के दीये और अगरबत्ती पड़ी मिली, जिससे तंत्र-मंत्र कर शव से छेड़छाड़ की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी। पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
मृत बच्ची के पिता जितेंद्र साहू ने स्थल की जांच कराने के लिए चौकी प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपा है। पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए एसडीएम से अनुमति मांगी है, अनुमति मिलने के बाद दफन स्थान को खोदकर जांच की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

