बालोद।
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी ने आज आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में चलने-फिरने में असुविधा का सामना कर रहे 13 दिव्यांगजनों को बैटरी चलित ट्राय सायकल प्रदान की। ट्राय सायकल पाकर दिव्यांगजन भावुक और प्रसन्नचित नजर आए।
जनदर्शन में ग्राम रेंघई के जीवनलाल, ग्राम कुम्हली के दिलीप कुमार, ग्राम केलाबाड़ी के गजानंद साहू, दल्लीराजहरा के संजू विश्वकर्मा, खेमिन, सावित्री साहू, लीला साहू, ग्राम बघमरा के झमित पटेल, ग्राम सोंहपुर की लता साहू, ग्राम परसाडीह के मुकेश कुमार, ग्राम सिवनी की हिरमोतिन निषाद, ग्राम सिकोसा के पीला साहू एवं ग्राम खुंटेरी के पुसऊराम साहू को बैटरी चलित ट्राय सायकल प्रदान की गई।
इस अवसर पर सीईओ चंद्रवंशी ने सभी दिव्यांगजनों से उनका कुशलक्षेम पूछा और नई ट्राय सायकल मिलने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य जरूरतमंदों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है, ताकि उन्हें बेहतर जीवन सुविधा मिल सके।
दिव्यांगजनों ने जिला प्रशासन की जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनदर्शन के माध्यम से उनकी मांगों और समस्याओं का शीघ्र निराकरण हो रहा है।
इस दौरान अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक एवं श्री अजय किशोर लकरा, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष, समाज कल्याण विभाग के उप संचालक श्री अजय गेडाम सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

