Balod Times

कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने किया ‘बालोद टाइम्स’ मासिक पत्रिका का विमोचन

कलेक्टर बोलीं- “आम जनता की आवाज बनेगी यह पत्रिका, जिले के विकास को मिलेगी नई पहचान”

बालोद

बालोद जिले की पत्रकारिता के क्षेत्र में आज एक नया अध्याय जुड़ गया। जिला कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने शासन-प्रशासन और जनता के बीच सेतु का कार्य करने वाली मासिक पत्रिका ‘बालोद टाइम्स‘ का विधिवत विमोचन किया। धनोरा में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पत्रिका के चौथे अंक का विमोचन करते हुए इसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जनता की समस्याओं को मिलेगा मंच

विमोचन के अवसर पर कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने पत्रिका के संपादक और पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास जताया कि ‘बालोद टाइम्स‘ न केवल जिले की खबरों को प्रमुखता से प्रकाशित करेगी, बल्कि यह “आम जनता की आवाज” बनकर उभरेगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि पत्रिका के माध्यम से जिले की जनकल्याणकारी योजनाओं और स्थानीय समस्याओं को सकारात्मक रूप से शासन के समक्ष लाया जाएगा।

विकास और संस्कृति का होगा समावेश

कलेक्टर ने चर्चा के दौरान कहा कि मासिक पत्रिका के माध्यम से जिले की गौरवशाली संस्कृति, पर्यटन और विकास कार्यों को विस्तार से पाठकों तक पहुँचाने का अच्छा अवसर मिलेगा। इस दौरान पत्रिका के संपादक सुप्रीत शर्मा ने कलेक्टर दिव्या मिश्रा को पत्रिका के उद्देश्यों और इसमें शामिल किए जाने वाले विभिन्न स्तंभों के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर जिला प्रशासन के अधिकारी, पत्रकार जगत के प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने ‘बालोद टाइम्स’ की शुरुआत का स्वागत करते हुए इसे जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!