Skip to main content

Balod Times

बालोद को मिली विकास की नई सौगात, 8 करोड़ से अधिक के सौंदर्यीकरण कार्यों का लोकार्पण

नगर पालिका के नव-नियुक्त छह एल्डरमैनों ने ली शपथ, शहर में आधुनिक डिवाइडर व स्ट्रीट लाइट व्यवस्था शुरू

बालोद। नगर पालिका परिषद बालोद में गुरुवार को नव-नियुक्त एल्डरमैनों के शपथ ग्रहण समारोह एवं शहर के सौंदर्यीकरण से जुड़े 8 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर शहर को आधुनिक डिवाइडर एवं स्ट्रीट लाइट जैसी नई सौगात मिली।

नगर पालिका परिषद के सभागार में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नूतन कंवर ने नव-नियुक्त छह एल्डरमैन नितेश वर्मा, संतोष कौशिक, शेखर वर्मा, हितेश्वरी कौशिक, रवि पांडे एवं जागेश्वर ढीमर को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य नगर पालिका अधिकारी हिरोंद्र भोई ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया।

इसके बाद अटल परिषद चौक में आयोजित समारोह में भारतीय जनता पार्टी की विष्णुदेव साय सरकार एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में लोक निर्माण विभाग द्वारा 8 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पूर्ण कराए गए विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन रहे, जबकि अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने की। विशिष्ट अतिथियों में पूर्व प्रदेश मंत्री राकेश यादव, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, वरिष्ठ भाजपा नेता राजा दीवान, जिला महामंत्री सौरभ लुनिया, नगर पालिका उपाध्यक्ष कमलेश सोनी तथा शहर मंडल अध्यक्ष अमित चोपड़ा शामिल रहे।

लोकार्पित कार्यों में दिल्ली चौक से लगभग 1.850 किलोमीटर मार्ग पर 5 करोड़ 92 लाख रुपये की लागत से डिवाइडर एवं सौंदर्यीकरण कार्य तथा तांदुला पुल से कॉलेज तक 1 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत से आधुनिक डिवाइडर एवं स्ट्रीट लाइट व्यवस्था प्रमुख हैं। इन कार्यों से शहर की यातायात व्यवस्था अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं आकर्षक बनेगी।

कार्यक्रम में जिला मीडिया प्रभारी कमल पनपालिया, शहर मंडल महामंत्री नरेंद्र सोनवानी, ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष श्याम जायसवाल, पालक ठाकुर, पार्षदगण, नव-नियुक्त एल्डरमैन, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक तथा नगर पालिका परिषद के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!