बालोद टाइम्स
बालोद। पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी डौण्डीलोहारा के पर्यवेक्षण में जिले में अवैध शराब, जुआ एवं सट्टा के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में थाना देवरी पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कबरा रोड के पीछे, देवरी बंगला (मारी बंगला) में एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना पर थाना देवरी पुलिस ने तत्काल मौके पर घेराबंदी कर आरोपी अरविंद साहू, पिता नकुल राम साहू, उम्र 28 वर्ष, निवासी देवरी बंगला (मारी बंगला), थाना देवरी, जिला बालोद को अवैध शराब बिक्री करते हुए गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे की तलाशी ली, जिसमें 37 पाव देशी मदिरा प्लेन शराब, कुल 6.660 बल्क लीटर एवं शराब बिक्री की रकम ₹300 नकद बरामद की गई। जब्त शराब एवं नगदी का कुल मूल्य ₹3,260 आंका गया है। आरोपी शराब रखने एवं बिक्री के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर पुलिस ने उसके विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम, 2015 की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया।
बालोद पुलिस द्वारा ‘मिशन नवचेतना’ के तहत अवैध शराब, नशीले पदार्थों, जुआ एवं सट्टा के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।


