बालोद टाइम्स
बालोद। नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं, छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ और वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में बालोद में कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री दीपक बैज के निर्देश पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एवं शहर कांग्रेस कमेटी बालोद द्वारा ब्लॉक अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिन्हा एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्री अंचल प्रकाश साहू के नेतृत्व में जय स्तंभ चौक पर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिन्हा ने कहा कि नीट परीक्षा में कथित गंभीर अनियमितताओं और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस लगातार आवाज उठा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले छात्रों, युवाओं एवं विपक्षी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस प्रदेशभर में आंदोलन कर रही है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री चंद्रेश हिरवानी ने कहा कि नई दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों एवं कांग्रेस नेताओं के साथ की गई पुलिस कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि श्री राहुल गांधी, श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस सांसदों एवं वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में लिया जाना सरकार की असहिष्णुता को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था की विफलता से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है, लेकिन सरकार इस मामले में जवाबदेही तय करने के बजाय विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्री अंचल प्रकाश साहू ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से युवा वर्ग में निराशा और आक्रोश है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों और युवाओं के अधिकारों के साथ खड़ी है तथा उनके भविष्य की सुरक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने उठाई चार प्रमुख मांगें
कांग्रेस नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे, नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं एवं व्यवस्थागत विफलताओं पर संसद में चर्चा, छात्रों एवं शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर एवं आपराधिक प्रकरणों की वापसी तथा परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छात्रों के भविष्य, लोकतांत्रिक अधिकारों और देश की शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता से जुड़े मुद्दों पर पार्टी अपनी आवाज लगातार बुलंद करती रहेगी। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं के हित में कांग्रेस का संघर्ष सड़क से लेकर संसद तक जारी रहेगा।
विरोध प्रदर्शन में प्रमुख रूप से पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्री विकास चोपड़ा, पार्षद सुमित शर्मा, निर्देश पटेल, सुनील मालेकर, कमलेश श्रीवास्तव, शम्भू साहू, भूषण श्रीवास्तव, जमील बख्श, मोहनीश पारकर, उदय आलेन्द्र, शैलेंद्र ठाकुर, दीपक पाल, मिथलेश साहू, वैभव साहू, दाऊद खान, रविप्रकाश यादव, अगरराम साहू, प्रेम ग्वालवंशी, दिनेश साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रदर्शन में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने भी सहभागिता की।


