Skip to main content

Balod Times

बालोद पुलिस की बड़ी सफलता: 16 मवेशियों की चोरी करने वाला अंतर्राज्यीय गिरोह पकड़ाया, 3 आरोपी गिरफ्तार

बालोद टाइम्स

बालोद। जिले की बालोद थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मवेशी चोरी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में संलिप्त 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जिनमें से 2 आरोपी पड़ोसी राज्य ओडिशा के निवासी हैं। वहीं गिरोह का एक अन्य आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

16 भैंसों की चोरी कर ओडिशा में बेचा

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम खेरथाडीह निवासी जय नारायण नागवंशी ने 17 जून 2026 को अपने 2 भैंसों के गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पता चला कि गांव के अन्य लोगों के मिलाकर कुल 16 नग भैंस गायब हुए हैं।

विवेचना के दौरान पुलिस को सुराग मिला कि स्थानीय कोचिया यशवंत उर्वशा ने ओडिशा के तस्करों से संपर्क कर डेम किनारे 16 भैंसों का सौदा 1.50 लाख रुपये में किया था। इसके बाद आरोपी धनसिंग राऊत, डेंगा राऊत और शिवलाल गोंड इन मवेशियों को पैदल हांकते हुए ओडिशा ले गए और वहां रायघर के मवेशी बाजार में 2 लाख रुपये में बेच दिया।

मोबाइल लोकेशन से पकड़े गए आरोपी

बालोद पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और मोबाइल लोकेशन के आधार पर दबिश देकर ओडिशा निवासी आरोपियों को ग्राम पाररास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के बेचे गए मवेशियों के नगद 28,000 रुपये, वारदात में इस्तेमाल ग्लैमर मोटरसाइकिल (CG-05-AD-7425) और 2 मोबाइल जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत 57,000 रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:

धनसिंग राऊत उर्फ बटोरी यादव (30 वर्ष) — निवासी: ग्राम जामबेडा, थाना रायघर, जिला नवरंगपुर (ओडिशा)

डेंगा राऊत (30 वर्ष) — निवासी: ग्राम कुडाबेडा, थाना रायघर, जिला नवरंगपुर (ओडिशा)

यशवंत उर्वशा (42 वर्ष) — निवासी: ग्राम कोरगुडा, थाना व जिला बालोद (छत्तीसगढ़)

मामले में फरार आरोपी शिवलाल गोंड (निवासी नवरंगपुर, ओडिशा) की पुलिस टीम द्वारा लगातार पतासाजी की जा रही है। बालोद पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2), 3(5) के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!