बालोद टाइम्स
बालोद। गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद द्वारा देवरी बंगला में सड़कों के मुद्दे पर दिए गए धरना-प्रदर्शन को भारतीय जनता पार्टी ने जनता के साथ सबसे बड़ा राजनीतिक मजाक करार दिया है। भाजपा के बिलासपुर संभाग सह प्रभारी एवं पूर्व जिला पंचायत सभापति अभिषेक शुक्ला ने विधायक पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि 5 साल सत्ता में रहने के दौरान सड़कों की सुध न लेने वाले विधायक अब आंदोलन का नाटक कर अपनी विफलताओं को छिपाने की कोशिश कर रहे हैं।
सत्ता में रहे मौन, अब कर रहे अवसरवादी राजनीति
अभिषेक शुक्ला ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि कांग्रेस शासन के 5 साल और कुल मिलाकर लगभग साढ़े सात वर्ष के कार्यकाल में विधायक कुंवर सिंह निषाद को क्षेत्र की बुनियादी सुविधाएं सुधारने का पूरा मौका मिला था। लेकिन उस दौरान वे केवल अवैध कारोबार को संरक्षण देने और कमीशनखोरी में व्यस्त रहे। उस समय जनता की तकलीफें याद नहीं आईं, और आज सत्ता से बाहर होते ही चक्काजाम की राजनीति शुरू कर दी गई है।
युवाओं की आवाज दबाने का आरोप
भाजपा नेता ने अर्जुंदा के एक युवा द्वारा सोशल मीडिया पर खराब सड़कों का मुद्दा उठाए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना अपराध नहीं है। यदि किसी युवा ने गांव की बदहाल सड़क की तस्वीर साझा की, तो विधायक को काम से जवाब देना चाहिए था, न कि दबाव या धमकी की राजनीति से। उन्हें उस युवा का धन्यवाद करना चाहिए था।
विष्णुदेव साय सरकार दे रही विकास को गति
अभिषेक शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस शासन में जिन सड़कों का समय पर जीर्णोद्धार नहीं हुआ, उन्हें अब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की भाजपा सरकार में बजट और स्वीकृति की प्रक्रिया में तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने विधायक को सलाह दी कि वे राजनीतिक नौटंकी और जनता को गुमराह करना बंद करें, तथा चक्काजाम करने के बजाय सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाते हुए विकास कार्यों में सहयोग करें।
उन्होंने अंत में कहा कि धरना देने से इतिहास नहीं बदलता और जनता समय आने पर अपने वोट से इस नौटंकी का जवाब जरूर देगी।


