बालोद टाइम्स
बालोद: नगर में बिजली विभाग की लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। बालोद के रामघाट मुक्तिधाम के आगे स्थित क्षतिग्रस्त बिजली का खंभा कभी भी किसी बड़ी दुर्घटना को न्योता दे सकता है। इस जर्जर और खतरनाक स्थिति को संज्ञान में लेते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला उपाध्यक्ष सौरभ जैन ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है और तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

मुक्तिधाम आने-जाने वालों की सुरक्षा पर मंडरा रहा खतरा
रामघाट मुक्तिधाम मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में आम नागरिकों और अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले लोगों का आना-जाना होता है। मार्ग के समीप स्थित इस क्षतिग्रस्त खंभे के कारण लोगों की सुरक्षा पर लगातार खतरा मंडरा रहा है।
शिकायत दर्ज कराते हुए सौरभ जैन ने कहा कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि नगर में दो स्थानों पर बिजली के खंभे पूरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में हैं, जो कभी भी धराशायी हो सकते हैं।

प्रशासन और बिजली विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग
सौरभ जैन का कहना है कि मुक्तिधाम जैसे संवेदनशील स्थान के समीप ऐसी जर्जर स्थिति का बना रहना कतई उचित नहीं है। यहां पहुंचने वाले लोग पहले से ही मानसिक रूप से व्यथित और दुखद परिस्थितियों में होते हैं, ऐसे में उन्हें मार्ग में किसी अन्य दुर्घटना या परेशानी का सामना न करना पड़े, यह प्रशासन की मुख्य जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित बिजली विभाग से मांग की है कि तत्काल मौके का निरीक्षण कर इन क्षतिग्रस्त खंभों को बदला जाए और कार्य पूर्ण होने तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
शिकायत का विवरण:
शिकायत क्रमांक: WP261100277554
शिकायत दिनांक: 12 नवंबर 2026
शिकायतकर्ता: सौरभ जैन (जिला उपाध्यक्ष, भाजयुमो)

