Balod Times

जिले में ’प्रशासन गांव की ओर’ अभियान को सफल बनाने हेतु सभी तैयारियां सुनिश्चित करें: कलेक्टर श्रीमती मिश्रा

समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश

बालोद। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने 19 से 25 दिसंबर तक आयोजित ’प्रशासन गांव की ओर’ राष्ट्रव्यापी अभियान के जिले में सफल आयोजन हेतु सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में उपस्थित अधिकारियों को उक्ताशय के निर्देश दिए हैं। बैठक में उन्होंने बताया कि 19 से 25 दिसंबर तक आयोजित इस राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत सुशासन सप्ताह के तहत अधिकारी गांव का दौरा कर आम जनता के समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करेंगे। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने सभी विभाग एवं कार्यालय प्रमुखों को इसके लिए जरूरी व्यवस्थाएं कर जिले में इसका सफल आयोजन सुनिश्चित कराने को कहा। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, श्री नूतन कंवर एवं श्री अजय किशोर लकरा सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों के अलावा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने ’प्रशासन गांव की ओर’ अभियान के उद्देश्यों के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोक शिकायतों का निराकरण सेवा वितरण में सुधार तथा जमीनी स्तर पर शासन की पहुँच सुनिश्चित करने हेतु यह अभियान चलाया जाता है। इस दौरान अधिकारी गांव का दौरा कर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के अलावा शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुँचाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित करते हैं। इसके अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत आम जनता के शिकायतों के निराकरण के अलावा सेवा वितरण में सुधार, बेहतर रिकार्ड प्रबंधन तथा अंतर विभागीय समन्वय के अलावा नागरिक भागीदारी भी सुनिश्चित की जाती है। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने जिले के विभिन्न विभागों में ई-आॅफिस के कार्यों के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की। उन्होंने राज्य शासन के निर्देशानुसार सभी विभाग एवं कार्यालय प्रमुखों को 01 जनवरी 2026 से जिले में शत प्रतिशत ई-आफिस के माध्यम से कार्य सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने जिले में ’एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के कार्यों की भी समीक्षा की। श्रीमती मिश्रा ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को रोपे गए सभी पौधों के लिए समुचित मात्रा में खाद, पानी के अलावा सुरक्षा के भी समुचित उपाय सुनिश्चित करने को कहा।
इस दौरान कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने 09 से 13 जनवरी 2026 तक आयोजित प्रथम नेशनल रोवर रेंजर जंबूरी के आयोजन की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रथम नेशनल रोवर रेंजर जंबूरी में जिन अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। वे सभी निष्ठापूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन कर जंबूरी के सफल आयोजन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को प्रतिदिन अपने प्रभार वाले धान खरीदी केन्द्रों में पहुँचकर धान खरीदी के कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के निर्देश भी दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!