बालोद |
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशन में भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटी बालोद द्वारा एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर भाजपा कार्यालय का घेराव किया गया। प्रदर्शन के दौरान मनरेगा में किए जा रहे बदलाव, नेशनल हेराल्ड प्रकरण में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर द्वेषपूर्ण कार्रवाई, धान खरीदी में अनियमितता एवं जिले की बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

धरना सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के नाम और स्वरूप में बदलाव किया जा रहा है, जिसे कांग्रेस किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार सौ दिन के रोजगार की गारंटी तक पूरी नहीं कर पा रही है और 125 दिन रोजगार देने की बात कर रही है। साथ ही केन्द्र द्वारा राज्य सरकार पर 40 प्रतिशत अंशदान का दबाव डालना संघीय ढांचे के खिलाफ है।
उन्होंने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, अपराधों में लगातार वृद्धि हो रही है और समय पर कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा ने कहा कि भाजपा के इशारे पर ईडी द्वारा कांग्रेस के शीर्ष नेताओं राहुल गांधी, सोनिया गांधी एवं मोतीलाल वोरा को नेशनल हेराल्ड मामले में झूठे प्रकरण में फंसाकर वर्षों तक बदनाम करने की साजिश रची गई, लेकिन न्यायालय ने ईडी की कार्रवाई को असंवैधानिक करार देते हुए पूरे मामले को खारिज कर दिया, जिससे सत्य की जीत हुई।
सभा को कृष्णा दुबे, चन्द्रप्रभाकर सुधाकर, विकास चोपड़ा, संजय चंद्राकर, डोमेन्द्र भेड़ियाँ, पुरुषोत्तम पटेल, गुलशन चंद्राकर, संतोष पाण्डेय, प्रशांत बोकड़े, लता कोर्राम, दीनाराम चेलक, संतुराम पटेल, गोपाल प्रजापति, भोजराज साहू, कोदुराम दिल्लीवार, अंचल प्रकाश साहू एवं ओमप्रकाश गजेन्द्र ने भी संबोधित किया।
धरना उपरांत कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय की ओर कूच करने लगे, जिन्हें पुलिस प्रशासन द्वारा मधु चौक में रोक लिया गया। इस दौरान जिला अध्यक्ष एवं विधायक सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि भाजपा की दमनकारी नीतियों के सामने पार्टी झुकने वाली नहीं है और जनता के हक की लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक जारी रहेगी।
कार्यक्रम का संचालन श्री रतिराम कोसमा ने किया। प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस एवं एनएसयूआई के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

