Balod Times

अखिल भारतीय हल्बा, हल्बी आदिवासी समाज डौंडीलोहारा ने मनाया शक्ति दिवस

बालोद– अखिल भारतीय हल्बा, हल्बी आदिवासी समाज डौंडीलोहारा द्वारा सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारा एवं एकता का प्रतीक शक्ति दिवस का आयोजन हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। डौंडी लोहारा नगर स्थित माँ दंतेश्वरी मंदिर में सुबह 10 बजे आराध्य देवी माँ दंतेश्वरी की पूजा अर्चना कर समाज की महिलाओं एवं पुरुषों ने कलश के साथ शोभायात्रा निकाली, जो कि नगर के विभिन्न चौंक-चौराहों से होते हुए कार्यक्रम स्थल सामाजिक भवन डौंडीलोहारा पहुँची। इस दौरान समाज के युवकों द्वारा निकाली गई आंगादेव की भव्य झांकी आकर्षण का केंद्र रहा। इस अवसर पर समाज के सभी वर्गों की सहभागिता देखने को मिली, जिसने कार्यक्रम को एकता और सौहार्द का सशक्त संदेश प्रदान किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि देवलाल ठाकुर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता थे। अध्यक्षता ईनम सिंह ठाकुर ब्लॉक अध्यक्ष हल्बा समाज डौंडीलोहारा ने की। विशेष अतिथि घनश्याम कोठारी, जीवराखन कौमार्य, चैतन्य नायक, दयालूराम पिकेश्वर प्रचार मंत्री महासभा बालोद,श्रीमती बसंता ठाकुर केन्द्रीय उपाध्यक्ष कर्मचारी प्रकोष्ठ मोहित भौसार्य, दयालूराम कोसमे, शिशुपाल देहारी, श्रीमती रेवती कोलियारे, बीरसिंह ठाकुर थे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत से हुआ। तत्पश्चात वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में कहा कि शक्ति दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने, आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे के साथ मिलकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। सामाजिक एकता ही किसी भी राष्ट्र की वास्तविक शक्ति होती है। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रेरणादायी भाषण एवं एकता पर आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने युवाओं से आह्वान किया कि वे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए एकजुट होकर कार्य करें और देश की प्रगति में सक्रिय भूमिका निभाएं। समारोह में उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि प्रतिभावान विद्यार्थी समाज की अमूल्य धरोहर होते हैं, जिनकी सफलता पूरे समाज का गौरव बढ़ाती है।इसी अवसर पर समाज से नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया। उन्हें जनसेवा के दायित्व को निष्ठा, पारदर्शिता एवं समर्पण भाव से निभाने की शुभकामनाएँ दी गईं। साथ ही समाज के सेवानिवृत्त अधिकारी/कर्मचारियों को उनके दीर्घकालीन सेवा, ईमानदारी एवं अनुकरणीय कार्यों के लिए सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने सामाजिक एकता, सद्भाव और भाईचारे को बनाए रखने का संकल्प लिया। आयोजन समिति ने सभी आगंतुकों, अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन संजय नायक एवं कार्तिक राम रात्रे ने की।उक्त जानकारी महेश कोलियारे सचिव कर्मचारी प्रकोष्ठ ने दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!