बालोद टाइम्स
डौंडीलोहारा/बालोद: डौंडीलोहारा विकासखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी की मंडल अध्यक्ष कुसुम शर्मा ने मोर्चा खोल दिया है। क्षेत्र के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में लंबे समय से रिक्त पड़े डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के पदों को शीघ्र भरने की मांग को लेकर उन्होंने छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से सीधी चर्चा की।
स्वास्थ्य मंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बालोद जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. जे.एल. उइके को तत्काल आवश्यक कार्रवाई और रिक्त पदों की पूर्ति के लिए निर्देशित किया है।
इन स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की कमी:
भाजपा मंडल अध्यक्ष कुसुम शर्मा ने स्वास्थ्य मंत्री एवं सीएमएचओ को सौंपे मांग पत्र में बताया कि क्षेत्र के प्रमुख स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों के पद खाली पड़े हैं, जिनमें शामिल हैं:
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) डौंडीलोहारा
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) दुबचेरा
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) अरजपुरी
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) मंगचुवा
इसके अलावा पूरे विकासखंड में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO), एएनएम (ANM) और ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक (RHO) के भी कई पद रिक्त हैं।
रिक्त पदों से ग्रामीणों की बढ़ रही परेशानी
कुसुम शर्मा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य केंद्र ही आम जनता के इलाज का मुख्य सहारा होते हैं। डॉक्टरों और कर्मचारियों की कमी के कारण मरीजों को दूर-दराज के अस्पतालों के चक्कर लगाने पड़ते हैं, जिससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद होता है।
“रिक्त पदों पर डॉक्टरों और स्टाफ की नियुक्ति होने से स्थानीय स्तर पर ही मरीजों को परामर्श, जांच और इलाज की सुविधा मिलेगी। इसका सबसे बड़ा फायदा गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दूरस्थ ग्रामीणों को होगा। साथ ही नियमित टीकाकरण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य अभियानों को भी गति मिलेगी।” — कुसुम शर्मा, अध्यक्ष – बीजेपी मंडल (डौंडीलोहारा)
स्वास्थ्य मंत्री के कड़े रुख और निर्देशों के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि जिला स्वास्थ्य विभाग जल्द ही भर्ती प्रक्रिया पूरी कर डौंडीलोहारा क्षेत्र की जनता को बड़ी राहत देगा।


