Skip to main content

Balod Times

बालोद में तृतीय जिला स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता संपन्न, राज्य स्तरीय स्पर्धा के लिए खिलाड़ी चयनित

बालोद टाइम्स

बालोद। छत्तीसगढ़ राज्य योगासन संघ के निर्देशानुसार बालोद जिला योगासन खेल संघ के तत्वावधान में एक दिवसीय तृतीय जिला योगासन प्रतियोगिता का भव्य आयोजन गुरु ग्रेस योगा स्टूडियो, बालोद में संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए सब जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग के लगभग 30 बालक-बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपने योगासन कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला सचिव आशीष जायसवाल एवं अन्य सदस्यों की गरिमामयी मौजूदगी में हुआ। अतिथियों ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि जिले में योगासन का यह तीसरा सफल आयोजन है, जो स्थानीय प्रतिभाओं के लिए आगे बढ़ने का एक बेहतरीन मंच साबित होगा। खेल की शुरुआत ग्राम बासीन से आए योगासन खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के साथ हुई। स्पर्धा में मुख्य रूप से दल्लीराजहरा, डौंडी, सोरर और जवरतला के खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

विजेताओं को मेडल और प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला कृषि उपसंचालक श्री आशीष चंद्राकर उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में गुरु ग्रेस योगा के संस्थापक धीरज शर्मा, बालोद जिला योगासन सचिव आशीष जायसवाल, बालाराम निषाद एवं ऋषभ देशमुख मौजूद रहे। अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल व प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों को बालोद का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में निर्णायक दल के सदस्य ओम साहू, मोनिका साहू एवं दामिनी साहू की मुख्य भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में जिला संघ के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने सभी अतिथियों, निर्णायकों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। आयोजन को सफल बनाने में कोषाध्यक्ष सौरभ शर्मा, सह सचिव खिलेश्वर रावटे और सदस्य धीरज शर्मा का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!