बालोद टाइम्स
दल्ली राजहरा। दल्ली राजहरा एवं आसपास के क्षेत्र के लिए अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है। निस्वार्थ भाव से तन, मन और धन समर्पित कर निःशुल्क गौ सेवा करने वाले दल्ली राजहरा के प्रमुख गौ सेवक श्री अमर लालवानी एवं उनकी पूरी टीम को छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के गरिमामय अवसर पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया है।
सांसद, कलेक्टर व जनप्रतिनिधियों के हाथों मिला सम्मान
बीते दिन आयोजित भव्य राज्योत्सव कार्यक्रम के मंच पर कांकेर लोकसभा सांसद आदरणीय श्री भोजराज नाग, बालोद जिला कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, बालोद विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री तोमन साहू, बालोद नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी एवं दल्ली राजहरा नगर पालिका अध्यक्ष श्री तोरण साहू के करकमलों द्वारा गौ सेवकों को सम्मान पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किया गया।
“निःस्वार्थ गौ सेवा समाज के लिए प्रेरणादायी”
सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों ने दल्ली राजहरा के गौ सेवकों के कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। मंच से संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि “बिना किसी स्वार्थ के बेजुबान मवेशियों और गौ माता की निरंतर सेवा करना समाज के लिए एक महान और प्रेरणादायी कार्य है। अमर लालवानी और उनकी टीम का समर्पण अनुकरणीय है।”
क्षेत्र में खुशी की लहर, बधाइयों का लगा तांता
गौ भक्त श्री अमर लालवानी एवं उनकी पूरी समर्पित टीम को राज्योत्सव जैसे बड़े मंच पर सम्मान मिलने से पूरे दल्ली राजहरा क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। विभिन्न सामाजिक संगठनों, प्रबुद्ध नागरिकों एवं नगरवासियों ने श्री अमर लालवानी और उनकी टीम को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई व उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी हैं।

