बालोद टाइम्स
बालोद / कुसुमकसा:
दीपावली का पर्व केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का नहीं, बल्कि जरूरतमंदों और अपनों के जीवन में उजियारा फैलाने का पर्व है। इसी पावन भावना को साकार करते हुए ग्राम कुसुमकसा स्थित कन्या आदिवासी छात्रावास में दीपावली के अवसर पर एक बेहद सराहनीय पहल देखने को मिली। जनपद पंचायत डौंडी की महिला एवं बाल विकास विभाग की सभापति श्रीमती मंजू संजय बैस ने छात्रावास में निवासरत 106 छात्राओं को दीपावली के उपहारस्वरूप नए कपड़े भेंट किए। नए परिधान पाकर लाड़लियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरा छात्रावास परिसर उत्साह एवं उमंग से सराबोर हो गया।
मंजू संजय बैस ने छात्राओं के साथ बांटी दीपावली की खुशियां
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जनपद सभापति श्रीमती मंजू संजय बैस ने सभी 106 छात्राओं को नए कपड़े वितरित किए। इस दौरान ग्राम पंचायत कुसुमकसा की सरपंच श्रीमती वेद बाई पिस्दा, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य तथा गणमान्य नागरिक विशेष रूप से मौजूद रहे।
छात्राओं को संबोधित करते हुए मंजू संजय बैस ने कहा,
“त्योहारों की सार्थकता तभी है जब हम अपनी खुशियों में दूसरों को भी सहभागी बनाएं। छात्रावास में रहने वाली ये बेटियां अपने परिवारों से दूर रहकर शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। ऐसे में त्योहार पर इन्हें अपनत्व का अहसास कराना हम सबका दायित्व है।”

उन्होंने बेटियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें, कड़ा परिश्रम करें और अपने सपनों को साकार कर माता-पिता, गांव तथा पूरे क्षेत्र का नाम रोशन करें।
अधीक्षिका कामिनी पटेल के सेवाभाव की हुई सराहना
जनपद सभापति ने छात्रावास की अधीक्षिका सुश्री कामिनी पटेल और उनके पूरे स्टाफ के समर्पित कार्यों की खुले मन से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि आदिवासी कन्या छात्रावास की बेटियों को घर जैसा आत्मीय वातावरण देना एक बड़ी जिम्मेदारी है। अधीक्षिका कामिनी पटेल जिस प्रकार हर बच्ची के जन्मदिन को याद रखती हैं, उनकी छोटी-छोटी जरूरतों का ख्याल रखती हैं और उन्हें मां जैसा दुलार देती हैं, वह वास्तव में प्रेरणादायक है।

सरपंच वेद बाई पिस्दा ने की सराहना
ग्राम पंचायत कुसुमकसा की सरपंच श्रीमती वेद बाई पिस्दा ने भी इस अनूठी पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि घर से दूर रहकर पढ़ाई कर रही इन बेटियों को त्योहार पर नए वस्त्र भेंट करना उनके जीवन में मिठास घोलने जैसा है। उन्होंने छात्रावास प्रबंधन के प्रयासों को समाज के लिए एक मिसाल बताया।
“छात्रावास की बेटियां मेरा परिवार हैं” – अधीक्षिका कामिनी पटेल
छात्रावास की अधीक्षिका सुश्री कामिनी पटेल ने कहा कि यहां रहने वाली सभी 106 छात्राएं उनके परिवार का हिस्सा हैं। जनपद सभापति मंजू संजय बैस द्वारा किए गए इस स्नेहिल सहयोग से बच्चियों की दीपावली बेहद खास बन गई है। उन्होंने कहा कि छात्रावास परिवार आगे भी बेटियों को सुरक्षित, अनुशासित और बेहतर शैक्षणिक माहौल देने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करता रहेगा।
इस गरिमामयी आयोजन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि समाज में सेवा और अपनत्व का भाव ही सबसे बड़ा पर्व है। कुसुमकसा छात्रावास की बेटियों के चेहरों पर आई यह मुस्कान इस पूरी दीपावली का सबसे खूबसूरत उपहार रही।

