Skip to main content

Balod Times

बालोद की सड़कों पर उतरे आसाराम बापू के सैकड़ों अनुयायी, रिहाई और बेहतर इलाज की मांग को लेकर राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन 

बालोद टाइम्स

श्री योग वेदांत सेवा समिति के बैनर तले निकली विशाल रैली; आयुर्वेदिक उपचार और जमानत देने की उठाई मांग, आसपास के जिलों से भी पहुंचे साधक

बालोद | बालोद टाइम्स

आसाराम बापू की रिहाई और गिरते स्वास्थ्य को देखते हुए बेहतर इलाज उपलब्ध कराने की मांग को लेकर रविवार को बालोद शहर में सैकड़ों अनुयायियों ने विशाल रैली निकाली। श्री योग वेदांत सेवा समिति बालोद के तत्वावधान में आयोजित इस प्रदर्शन में महिला-पुरुषों के साथ बच्चों ने भी हिस्सा लिया। रैली के समापन पर अनुयायियों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम एक मांगपत्र सौंपा।

शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी रैली

तकरीबन 500 से 600 की संख्या में जुटे अनुयायियों की यह रैली स्थानीय शिशु मंदिर प्रांगण से शुरू हुई। हाथों में बैनर-पोस्टर थामे और बापू की रिहाई के समर्थन में नारे लगाते हुए साधक गंजपारा, दल्लीराजहरा चौक, घड़ी चौक, सदर रोड और मधु चौक से होते हुए जयस्तंभ चौक पहुंचे। इसके बाद सभी एसडीएम कार्यालय पहुंचे और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। गौरतलब है कि आसाराम बापू यौन उत्पीड़न के मामले में करीब 13 वर्षों से जेल में बंद हैं।

वयोवृद्ध होने के नाते मिले बेहतर उपचार: साध्वी सखी मां

रैली में शामिल हुईं किन्नर अखाड़ा छत्तीसगढ़ की महामंडलेश्वर साध्वी सखी मां ने कहा कि मानवता के नाते एक वयोवृद्ध व्यक्ति को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलना उसका अधिकार है। बापू की उम्र और खराब स्वास्थ्य को देखते हुए सरकार और न्यायपालिका को उन्हें जमानत देनी चाहिए।

दो बार आ चुका है हार्ट अटैक: अनिता शर्मा

संत श्री आशाराम बापू गुरुकुल रायपुर की व्यवस्थापक अनिता शर्मा ने बताया कि बापू का स्वास्थ्य लंबे समय से ठीक नहीं है और उन्हें दो बार हार्ट अटैक भी आ चुका है। आयुर्वेदिक उपचार के लिए कई बार पैरोल की मांग की गई, लेकिन उस पर ध्यान नहीं दिया गया। सरकार को अनुयायियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए उन्हें उचित उपचार की सुविधा देनी चाहिए।

संतों के साथ न हो सौतेला व्यवहार: पुरुषोत्तम राजपूत

पंचगव्य चिकित्सा छत्तीसगढ़ के प्रमुख पुरुषोत्तम राजपूत ने कहा कि देश में अन्य लोगों के मानवाधिकारों की बात की जाती है, लेकिन संतों के साथ सौतेला व्यवहार हो रहा है। वर्षों से जेल में बंद संत को भी संविधान और कानून के तहत मिलने वाले मौलिक अधिकार दिए जाने चाहिए।

पड़ोसी जिलों से भी जुटे समर्थक

आयोजकों के मुताबिक, इस रैली में बालोद जिले की सभी तहसीलों के अलावा रायपुर, दुर्ग-भिलाई, धमतरी, कुरूद, कांकेर और राजिम से भी बड़ी संख्या में अनुयायी, संत और धर्मगुरु शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!