बालोद टाइम्स
बालोद:
छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय की दूरदर्शी पहल और पुलिस सैलरी पैकेज (PSP) योजना के तहत बालोद जिले में एक संवेदनशील और सराहनीय कदम उठाया गया है। कर्तव्य के दौरान सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले दो दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिजनों को भारतीय स्टेट बैंक (SBI), मुख्य शाखा बालोद की ओर से ₹1-1 करोड़ (कुल ₹2 करोड़) की बीमा सहायता राशि के चेक प्रदान किए गए हैं।
किन परिवारों को मिला लाभ?
प्रधान आरक्षक स्व. संतराम मंडावी (थाना पुरूर):
प्रधान आरक्षक क्रमांक 546 संतराम मंडावी का 01 जून 2026 को पुरूर से कांकेर मार्ग (रा.रा.-30) पर दुर्घटना के दौरान निधन हो गया था। पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत उनकी पत्नी श्रीमती सावित्री मंडावी एवं पुत्र देवेंद्र कुमार मंडावी को ₹1 करोड़ की बीमा सहायता राशि का चेक सौंपा गया।
आरक्षक स्व. ठनेश टेमार्य (थाना कोतवाली बालोद):
आरक्षक क्रमांक 221 ठनेश टेमार्य का 23 फरवरी 2026 को हीरापुर चौक (रा.रा.-930) के पास कर्तव्य निर्वहन के दौरान सड़क दुर्घटना में निधन हुआ था। इस योजना के तहत उनकी माता श्रीमती गीता बाई को ₹1 करोड़ का बीमा दावा चेक प्रदान किया गया।
अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री किरण चव्हाण ने दिवंगत जवानों के परिजनों से भेंट कर उनके प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। भारतीय स्टेट बैंक मुख्य शाखा बालोद के शाखा प्रबंधक श्री पुनीत भार्गव द्वारा परिजनों को बीमा राशि के चेक वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान एसडीओपी श्रीमती माया शर्मा, मुख्य लिपिक श्री ठाकुर प्रसाद मरकाम एवं वेतन शाखा प्रभारी श्री जगदीश साहू भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बालोद पुलिस बल अपने वीर जवानों और उनके परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा के लिए लगातार प्रतिबद्ध है। विभाग का यह प्रयास अन्य जवानों के परिवारों के लिए भी एक बड़ा संबल साबित हो रहा है।

