बालोद टाइम्स
बालोद (छत्तीसगढ़)। राष्ट्रहित और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के संकल्प के साथ भारतीय जनता पार्टी (जिला बालोद) द्वारा मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को शहर में एक विशाल जन-जागरण पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ निकाली जाने वाली इस ऐतिहासिक पदयात्रा में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी विशेष रूप से शामिल होंगे।
कुर्मी भवन से होगी शुरुआत
भाजपा जिला इकाई से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पदयात्रा मंगलवार सुबह 10:00 बजे शिकारीपारा स्थित कुर्मी भवन से प्रारंभ होगी। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख के नेतृत्व में पार्टी स्तर पर व्यापक तैयारियां की गई हैं। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की उपस्थिति को लेकर जिले के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
आमजन से शामिल होने की अपील
भाजपा जिला बालोद ने लोकतंत्र विरोधी और अराजकतावादी शक्तियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान में जिले के समस्त प्रबुद्ध नागरिकों, युवाओं, मातृशक्ति और क्षेत्रवासियों से अपने परिवारजनों व मित्रों सहित अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आत्मीय आह्वान किया है।

