बालोद टाइम्स
6.40 ग्राम चिट्टा बरामद, दो संदिग्धों के जरिए शहर में नशे का कारोबार फैलाने की आशंका; पुलिस की कार्रवाई के बाद नशे के खतरनाक तरीके और गंभीर दुष्परिणामों को लेकर बढ़ी चिंता
बालोद। जिले में नशे के बढ़ते चलन के बीच चिट्टा नामक मादक पदार्थ को लेकर चिंताजनक जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि पिछले करीब दो वर्षों से शहर के कुछ युवा इस नशे की गिरफ्त में हैं। इस नशे का प्रसार खासतौर पर ऐसे युवाओं के बीच किए जाने की बात सामने आई है, जिनकी आर्थिक स्थिति अच्छी है। जानकारी के अनुसार, इसकी कीमत करीब 6 हजार रुपये प्रति ग्राम बताई जा रही है, जिसके कारण सामान्य आर्थिक स्थिति वाले परिवारों के युवाओं के लिए इसे खरीदना मुश्किल होता है।
हाल ही में बालोद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6.40 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इस मामले में दो लोगों की भूमिका सामने आने की बात कही जा रही है, जिनके माध्यम से शहर में इस नशे का प्रसार किए जाने की आशंका है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में इस तरह के नशे के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।
क्या है चिट्टा और किस तरह लिया जाता है इसका नशा?
चिट्टा हेरोइन का ही एक प्रचलित नाम है। यह अफीम से तैयार किया जाने वाला अत्यंत नशीला पदार्थ है, जो मस्तिष्क और केंद्रीय तंत्रिका तंत्र पर असर डालता है। इसे अलग-अलग तरीकों से सेवन किए जाने की जानकारी सामने आती रही है। कुछ मामलों में इसे गर्म करके निकलने वाले धुएं या वाष्प को सांस के माध्यम से शरीर में पहुंचाया जाता है। युवाओं को आकर्षित करने के लिए इसके सेवन से मिलने वाले कथित आनंद और यौन क्षमता बढ़ने जैसी भ्रामक बातें भी बताई जाती हैं। हालांकि, ये दावे चिकित्सकीय रूप से भरोसेमंद नहीं हैं। हेरोइन का सेवन यौन स्वास्थ्य और शारीरिक क्षमता को भी नुकसान पहुंचा सकता है।

नशे के बाद सोचने-समझने की क्षमता पर असर
हेरोइन का असर व्यक्ति के मस्तिष्क और तंत्रिका तंत्र पर पड़ता है। शुरुआत में व्यक्ति को अस्थायी नशे या आनंद का अनुभव हो सकता है, लेकिन बार-बार सेवन करने पर इसकी निर्भरता बढ़ने लगती है।
इसके प्रमुख दुष्परिणाम हैं :
* मस्तिष्क पर असर: सोचने, समझने, निर्णय लेने और याददाश्त की क्षमता प्रभावित हो सकती है।
* तंत्रिका तंत्र प्रभावित: शरीर की सामान्य प्रतिक्रियाओं और मानसिक सतर्कता में कमी आ सकती है।
* सांस लेने में परेशानी: सांस की गति खतरनाक स्तर तक धीमी हो सकती है।
* नशे की लत: बार-बार सेवन करने से व्यक्ति में गंभीर निर्भरता विकसित हो सकती है।
* मानसिक स्वास्थ्य: बेचैनी, अवसाद, मानसिक अस्थिरता और व्यवहार में बदलाव हो सकते हैं।
* यौन स्वास्थ्य: लंबे समय तक सेवन से यौन इच्छा और यौन क्षमता प्रभावित हो सकती है।
* जीवन पर प्रभाव: पढ़ाई, रोजगार, पारिवारिक संबंध और सामाजिक जीवन प्रभावित हो सकते हैं।
सबसे गंभीर स्थिति ओवरडोज की होती है, जिसमें सांस लेने की प्रक्रिया प्रभावित होकर व्यक्ति की जान तक जा सकती है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी ओपिओइड पदार्थों के सेवन से होने वाली निर्भरता और सांस रुकने के जोखिम को गंभीर स्वास्थ्य समस्या बताया है।
बालोद जिले के संभ्रांत परिवारों के युवा हो रहे आदी
स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के अनुसार, बालोद में पिछले करीब दो वर्षों से कुछ युवाओं के बीच इस नशे का चलन बढ़ाया गया है। बताया जा रहा है कि इसकी ऊंची कीमत के कारण नशे का यह कारोबार आर्थिक रूप से संपन्न परिवारों के युवाओं को निशाना बनाकर फैलाया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक तथाकथित नशे के दो सौदागरों के द्वारा बालोद शहर से चिट्टा का चस्का युवाओं तक पहुंचाने का गंदा खेल खेला गया। जो धीरे-धीरे अब संभ्रांत और बड़े घर के युवाओं को नशे की गहरी खाई में धकेल रहा है। करीब 6 हजार रुपये प्रति ग्राम की बताई जा रही कीमत के कारण यह सामान्य नशे की तुलना में काफी महंगा है। कुछ युवाओं के इस लत से बाहर आने की जानकारी है, जबकि कुछ के अब भी इसकी गिरफ्त में होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस की जांच जरूरी है।
बालोद पुलिस की कार्रवाई से खुल सकते हैं नशे के नेटवर्क के राज
गौरतलब है कि 28 अक्टूबर 2026 की रात बालोद पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने नया बस स्टैंड बालोद के पीछे खड़ी टाटा हेक्सा कार की तलाशी ली थी। इस दौरान दल्लीराजहरा निवासी 25 वर्षीय लीनेश बंसोड़ उर्फ बाड़ू के कब्जे से 6.40 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और एक देशी पिस्टल बरामद की गई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ख) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध दर्ज किया। कार, मोबाइल, पिस्टल और हेरोइन सहित कुल 11 लाख 83 हजार रुपये की सामग्री जब्त की गई। पुलिस अब इस मामले में मादक पदार्थ और हथियार के स्रोत सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

सबसे बड़ा सवाल : बालोद के युवाओं तक कौन पहुंचा रहा है यह नशा?
6.40 ग्राम चिट्टा बरामद होने की कार्रवाई के बाद अब सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह है कि जिले में इसकी आपूर्ति कहां से हो रही है? क्या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है? क्या शहर के दूसरे युवा भी इस नशे की गिरफ्त में हैं? और क्या इस कारोबार में अन्य लोगों की भी भूमिका है? इन सवालों के जवाब पुलिस की विस्तृत जांच से ही सामने आ सकेंगे।
तो दूसरी ओर अभिभावकों के लिए भी यह समय सतर्क रहने का है। बच्चों के व्यवहार, संगति और अचानक आए बदलावों पर ध्यान देना जरूरी है। किसी युवा में नशे की निर्भरता के संकेत मिलें तो उसे अपराधी या सामाजिक कलंक का पात्र मानने के बजाय चिकित्सकीय सहायता और नशामुक्ति उपचार उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
सिल्वर फॉयल से धुआं खींचकर लेते हैं नशा, शरीर और दिमाग दोनों पर पड़ता है गंभीर असर..
इस तरह नशीले पदार्थ के सक्रिय तत्व फेफड़ों के माध्यम से रक्त प्रवाह में पहुंचकर मस्तिष्क पर असर डालते हैं। व्यक्ति को कुछ समय के लिए नशे या असामान्य आनंद का अनुभव हो सकता है, लेकिन इसके बाद सुस्ती, मानसिक भ्रम, निर्णय लेने की क्षमता में कमी और शारीरिक निर्भरता जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं।
सिल्वर फॉयल में पैकिंग का पहलू:
नशीले पदार्थों को छोटी-छोटी पुड़िया या पैकेट में छिपाकर रखने और एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने के मामले सामने आते हैं। बालोद पुलिस द्वारा जो चिट्टा बरामद किया गया था उसकी पैकिंग और उसकी इस्तेमाल को लेकर हमने पुलिस से जानकारी ली तो बताया गया कि इसको सिल्वर फ्वायल में पैकिंग करके लोगों तक पहुंचाया जाता है। दिखने में यह बिल्कुल सेंधा नमक की तरह या एक पत्थर जैसा दिखता है। इसके सेवन करने से पहले लाइटर मार कर इसको पिघलाते हैं। नशा करने वाले नोट के माध्यम से रोल बनाकर धुआं खींचते हैं। जब लाइटर से पिघलाते हैं तो यह लिक्विड का रूप ले लेता है। धुआं खींचने के बाद सांस को थोड़ी देर रोक कर पेट में इसे ठहराया जाता है जो धुआं पेट में रहता है वह मुंह, नाक से बाहर निकल जाता है और बाकी तंत्रिका तंत्र तक पहुंच कर सेवन कर रहे व्यक्ति को नसे का एहसास दिलाता है। इसमें सेवन से सोचने समझने की क्षमता में फर्क आता है। नस काम करना बंद कर देती है ।
संभोग की क्षमता बढ़ने का देते हैं लालच
बालोद जिले के अधिकतर लोगों को इसकी लत लगवाने के पीछे नशे के सौदागर उन्हें यह लालच देते हैं कि इसके सेवन से संभोग की क्षमता बढ़ जाती है और इसी बात में बहक कर जिले के युवा वर्ग इसके सेवन में दिलचस्पी लेने लगे हैं । इस नशे के महंगे होने के कारण गरीब वर्ग तो इसको खरीद नहीं सकते इसलिए बड़े संपन्न और संभ्रांत परिवारों के बच्चों को इसके नशे का आदी बना रहे हैं। बालोद जिले में पहली बार चिट्टा बरामदगी की कार्यवाही बालोद पुलिस के द्वारा हुई है जो बड़ी सफलता है। तो वही बालोद जिले वासियों के लिए भी एक गंभीर चिंता का विषय बन गया है कि कैसे इस बड़े शहरों के नशे की चीज से बालोद वासियों को दूर रखा जाए ताकि आने वाली पीढ़ी सही दिशा में आगे बढ़े।
सबसे खतरनाक बात
हेरोइन का सेवन सांस लेने की गति को धीमा कर सकता है। अधिक मात्रा में सेवन से व्यक्ति बेहोश हो सकता है और जानलेवा ओवरडोज की स्थिति बन सकती है। इसलिए इसे किसी भी रूप में सुरक्षित नशा नहीं माना जा सकता।
नशा छोड़ चुके युवाओं को बदनाम करने की साजिस
कुछ प्रतिष्ठित एवं संभ्रांत परिवार के बच्चे जो नशा कर रहे है उनके परिवार द्वारा कुछ युवाओं को जो नशा छोड़ चुके है उन्हें बदनाम करने और ऊंची पहुंच होने का रोब देकर जबरन युवाओं पर
कार्यवाही करवाने का प्रयास किया जा रहा है शहर में अपने बच्चों को बचाने के लिए उन युवाओं की छवि धूमिल कर रहे है जो नशा छोड़ चुके है ये समाज और युवाओं के परिवार के लिए भी गंभीर चिंता का विषय है।
बालोद टाइम्स द्वारा विस्तार पूर्वक खबर
हीरोइन चिट्टा ओर अनेक प्रकार के मादक पदार्थ की खबरें अनेक अखबारों न्यूज चैनलों एवं न्यूज पोर्टलों पर प्रसारित की गई लेकिन बालोद टाइम्स की टीम ने चिट्ठा के ऊपर पहली बार इतने विस्तार से इस नशे के खिलाफ न्यूज प्रसारित कर रही है जो कि अभी तक कोई भी चैनल ओर पोर्टल ने प्रसारित नहीं किया है।

