बालोद टाइम्स
बालोद। नगर पालिका परिषद बालोद के लाल बहादुर शास्त्री वार्ड क्रमांक 12 (श्रीनगर) में वरिष्ठ नागरिक ललित सकलेचा ने जनहित और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की है। उन्होंने वार्डवासियों की सुविधा और सामाजिक आयोजनों के उद्देश्य से अपनी 12×24 वर्ग फीट की निजी जमीन दान में प्रदान की है। इस सराहनीय पहल पर वार्ड पार्षद सुमित शर्मा और वार्डवासियों ने उनका आभार व्यक्त करते हुए सम्मानित किया।
सामुदायिक भवन या मंच का होगा निर्माण
जमीन हस्तांतरण के मौके पर पार्षद सुमित शर्मा ने कहा कि ललित सकलेचा जी का यह सहयोग वार्ड के बुनियादी ढांचे और सामाजिक ताने-बाने को मजबूत करने में अहम योगदान देगा। वार्डवासियों की मंशा और सहमति के अनुसार इस चिन्हित स्थान पर सामुदायिक भवन या सांस्कृतिक मंच का निर्माण कराया जाएगा। पार्षद ने आश्वासन दिया कि निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू करवाकर इसे आम जनता को समर्पित किया जाएगा।

“वार्ड का सर्वांगीण विकास ही प्राथमिकता”
“विकास की परिभाषा केवल सड़क, नाली, बिजली और पानी तक सीमित नहीं है। सामाजिक गतिविधियों, बैठकों और सार्वजनिक आयोजनों के लिए सामुदायिक सुविधाओं का विस्तार करना भी हमारी प्राथमिकता में शामिल है।”
— सुमित शर्मा, पार्षद (लाल बहादुर शास्त्री वार्ड क्र. 12)
वरिष्ठ नागरिक के इस उदात्त सहयोग की पूरे नगर में सराहना हो रही है। आभार व्यक्त करने के दौरान वार्ड के कई गणमान्य नागरिक और रहवासी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

