Balod Times

उत्कृष्ट निर्वाचन कार्य में बालोद का परचम: गुंडरदेही एसडीएम प्रतिमा ठाकरे राज्य स्तरीय सम्मान से नवाजी गईं, दुर्ग संभाग से बालोद जिले का एकमात्र चयन, कलेक्टर ने कहा: जिले के लिए गर्व का विषय

बालोद
छत्तीसगढ़ राज्य में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर 25 जनवरी को कृषि महाविद्यालय, रायपुर स्थित विवेकानंद सभागार में राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। इस गरिमामयी अवसर पर निर्वाचन कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारी-कर्मचारियों एवं मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने में विशेष पहल करने वाले जिलों को सम्मानित किया गया।

राज्य स्तरीय समारोह में वर्ष 2025 के निर्वाचन कार्यों के उत्कृष्ट संपादन के लिए बालोद जिले को सर्वश्रेष्ठ निर्वाचन जिला पुरस्कार-2025 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान दुर्ग संभाग से एकमात्र बालोद जिले को प्राप्त हुआ, जो जिले के लिए गौरव की बात है।

इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी (रा) गुंडरदेही, प्रतिमा ठाकरे को स्टेट अवार्ड्स-2026 के अंतर्गत उत्कृष्ट निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के रूप में राज्य स्तरीय सम्मान प्रदान किया गया। यह सम्मान उन्हें गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र में निर्वाचक पंजीयन एवं निर्वाचन संबंधी कार्यों के प्रभावी और उत्कृष्ट निष्पादन के लिए दिया गया।

उल्लेखनीय है कि पूरे दुर्ग संभाग से प्रतिमा ठाकरे एकमात्र निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी रहीं, जिन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान मिला।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति इंदर सिंह उबोवेजा (प्रमुख लोकायुक्त, छत्तीसगढ़ लोक आयोग) रहे, जबकि अध्यक्षता डॉ. गिरीश चंदेल (कुलपति, कृषि विश्वविद्यालय) ने की।

इस उपलब्धि पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दिव्या उमेश मिश्रा ने प्रतिमा ठाकरे को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी इसी निष्ठा, प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ निर्वाचन सहित अन्य दायित्वों का सुदृढ़ निर्वहन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!