बालोद – ग्राम ओरमा में समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित दो दिवसीय मानसगान सम्मेलन एवं लोककला महोत्सव का शुभारंभ रविवार को भक्ति भाव के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा के आतिथ्य तथा ग्राम पंचायत ओरमा की सरपंच मंजूलता परस साहू की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।

विशिष्ट अतिथि के रूप में मायाराम पंत, पूरण लाल माली, उत्तम हिरवानी, छगन लाल यादव, अनूप साहू, प्यारेलाल केसरिया, धन्नूलाल सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना कर सम्मेलन का विधिवत शुभारंभ किया।
दो दिवसीय मानसगान सम्मेलन में बालोद जिले सहित अन्य जिलों की ख्याति प्राप्त मानस मंडलियों को आमंत्रित किया गया है, जो रामचरितमानस के विभिन्न प्रसंगों का संगीतमय प्रस्तुतीकरण कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर रही हैं।
मुख्य अतिथि यज्ञदत्त शर्मा ने अपने संबोधन में भगवान श्रीराम के आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों से समाज में संस्कार, एकता और आध्यात्मिक चेतना का संचार होता है। उन्होंने आयोजन के लिए ग्रामवासियों एवं सरपंच को बधाई देते हुए इसे सराहनीय पहल बताया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरे वातावरण में भक्ति रस की धारा प्रवाहित होती रही।

