Skip to main content

Balod Times

जगन्नाथपुर में एक दिवसीय मानस गान के साथ सख्ती का संदेश: शराब पीकर हंगामा करने वालों पर ₹25 हजार जुर्माना, मुनादी कर दी गई चेतावनी

आयोजन में नारी शक्ति और युवाओं की एकजुटता बनी मिसाल

बालोद। शुक्रवार को ग्राम जगन्नाथपुर में आयोजित एक दिवसीय मानस गान कार्यक्रम जहां एक ओर भक्ति, संस्कार और सांस्कृतिक चेतना का केंद्र बना, वहीं ग्राम विकास समिति की महिलाओं ने सामाजिक अनुशासन बनाए रखने के लिए सख्त और सराहनीय निर्णय लिया है। आयोजन में खलल डालने, शराब पीकर हुल्लड़बाजी करने वाले असामाजिक तत्वों पर ₹25,000 के अर्थदंड का प्रावधान लागू किया गया है, जिसकी जानकारी गांव में मुनादी कर सार्वजनिक रूप से दी गई है। एक दिवसीय मानस गान आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता युवाओं और नारी शक्ति की एकजुटता रही। आयोजन की जिम्मेदारी जहां गांव के युवाओं ने संभाली, वहीं ग्राम की महिलाओं ने पूरी सक्रियता के साथ सहयोग दिया। इसका प्रमुख कारण यह है कि ग्राम जगन्नाथपुर में नेतृत्व की कमान महिलाओं के हाथों में है। गांव की सरपंच देवकुमार कोसीमा, जनपद सदस्य दमयंती हरदेल, जिला पंचायत सदस्य पूजा वैभव साहू एवं ग्राम विकास समिति अध्यक्ष कोमिन साहू—सभी महिलाएं हैं, जो सामाजिक अनुशासन और शांति व्यवस्था को लेकर सजग भूमिका निभा रही हैं।

ग्राम विकास समिति के प्रमुख निर्णय:

मानस गान ,मेला सहित किसी भी आयोजन में शराब पीकर हंगामा करने पर ₹25,000 का जुर्माना।

निर्णय की जानकारी मुनादी के माध्यम से पूरे गांव में प्रसारित।

दोषी पाए जाने पर ग्राम स्तर पर तत्काल कार्रवाई।

युवाओं व ग्राम विकास समिति द्वारा लगातार निगरानी व्यवस्था।

आज है मेला, उत्कृष्ट कार्य करने वालों का भी होगा सम्मान

ग्राम विकास समिति की अध्यक्ष कोमिन साहू ने बताया कि आगामी आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। 17 जनवरी को गांव में मेला तथा 18 जनवरी को कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन है। मेले के दिन रात्रि में चिखली बांधाबाजार का नाच का कार्यक्रम रखा गया है। साथ ही गांव के वरिष्ठ लोगों, जनप्रतिनिधियों और उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान भी किया जाएगा। इन आयोजनों के दौरान भी युवा और ग्राम विकास समिति की महिलाएं सक्रिय रहकर असामाजिक तत्वों पर नजर रखेंगी। साथ ही पुलिस प्रशासन से भी सहयोग मांगा गया है। समिति ने स्पष्ट किया है कि मेला, कबड्डी या किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में यदि कोई व्यक्ति व्यवधान डालते हुए पाया गया, तो उस पर ग्राम स्तर पर कार्रवाई करते हुए ₹25,000 का अर्थदंड वसूला जाएगा। ग्रामीणों ने इस निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल न केवल आयोजनों को सफल बनाएगी, बल्कि गांव में अनुशासन, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जिम्मेदारी की मजबूत मिसाल भी पेश करेगी।

शुभारंभ पर पहुंचे थे ये अतिथि, आयोजकों ने किया सम्मानित

 

शुक्रवार को मानस गान के शुभारंभ के मुख्य तिथि जिला पंचायत सदस्य पूजा वैभव साहू के प्रतिनिधि वैभव साहू रहे। अध्यक्षता जनपद सदस्य दमयंती सुभाष हरदेल ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम की सरपंच देव कुंवर कोसीमा, शांतनु देशमुख, चुरामन साहू, ओवा राम साहू, उमराव साहू, डॉक्टर दमेश साहू, ग्राम विकास समिति अध्यक्ष कोमिन साहू, भागीराम साहू, देवलाल साहू, अभ्यास साहू ग्राम पटेल, शिक्षण तीरथ ठाकुर, होलकर देशमुख, शैलेंद्र साहू, अगेश्वर साहू, ठाकुर राम देशमुख, निरंजन साहू सिवनी, चित्रांगिनी ठाकुर, तामेश्वरी देशमुख, डेली बालोद न्यूज़ के संपादक दीपक यादव आदि मौजूद रहे। सभी ने युवाओं और ग्राम के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना की। अतिथियों का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर आयोजकों में प्रमुख रूप से हेमशंकर देशमुख, गुनेश्वर देशमुख, कमलेश देशमुख, गिरधर देशमुख, टुकेश्वर देशमुख, कामता देशमुख, मानिक साहू, रेख लाल देशमुख, नूतन देशमुख, कुलेश कोसिमा, पीलू साहू, टुकेश देशमुख, मेघराज देशमुख, संतोष, नेम सिंह नेताम सहित अन्य मौजूद रहे । आयोजन के दौरान ख्याति प्राप्त चार मंडलियों ने मानस गान की प्रस्तुति दी। दोपहर से देर रात तक आयोजन चलता रहा। जिसका सभी ग्रामीणों ने मिलजुल कर आनंद उठाया और रामायण के आदर्श को अपने जीवन में उतारने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!