Balod Times

डॉ. प्रदीप जैन को राष्ट्रीय अधिवेशन में “जैन कीर्ति सम्मान” से किया गया सम्मानित

बालोद
जैनिज्म फ़िलाटेलिक सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बालोद निवासी डॉ. प्रदीप जैन को उनकी समर्पित सेवाओं के लिए “जैन कीर्ति सम्मान” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान केवल्यधाम में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन आदि पैक्स–2026 के अवसर पर प्रदान किया गया।

सम्मान समारोह में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोकेश कावडीया (चेयरमैन, छत्तीसगढ़ स्टेट निशक्तजन वित्त एवं विकास निगम आयोग, रायपुर) सहित विशेष अतिथि सुरेश कंकरिया, जेपीएस के पूर्व अध्यक्ष सुधीर जैन (सतना) तथा तेजकरण जैन ने डॉ. जैन को सम्मानित किया।

अपने उद्बोधन में श्री कावडीया ने डॉ. प्रदीप जैन के सामाजिक एवं लोकहितकारी कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई दी। साथ ही उन्होंने जैन धर्म आधारित डाक टिकटों एवं सामग्रियों के माध्यम से अहिंसा, अपरिग्रह और शाकाहार जैसे सिद्धांतों को जन-जन तक पहुँचाने के प्रयासों की सराहना की।

इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से आए लगभग 110 सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम स्थल पर जैन धर्म से संबंधित डाक सामग्रियों की भव्य प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे अतिथियों ने सराहा।

सम्मेलन के दौरान डॉ. प्रदीप जैन के छह वर्षों के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख किया गया, जिस पर संपूर्ण सदन ने तालियों के साथ उनका अभिवादन किया।
कार्यक्रम में जैनिज्म फ़िलाटेलिक सोसाइटी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महावीर कुंडूर (हुबली, कर्नाटक), प्रमोद जैन (पुडुचेरी), सचिव मीठालाल जैन (पुणे) तथा सम्मेलन संयोजक अतुल जैन (बिलासपुर) भी मंचस्थ रहे।

इस उपलब्धि पर अरिहंत अकैडमी स्कूल के समस्त सदस्यों ने डॉ. प्रदीप जैन को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!