बालोद टाइम्स
पुरूर / धमतरी: राष्ट्रीय राजमार्ग (NH 30) पर चिटौद के पास बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में घायल युवक के लिए थाना पुरूर पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मददगार साबित हुई। पुलिस की सजगता से न केवल समय पर घायल की जान बचाई गई, बल्कि ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए पीड़ित का सामान भी परिजनों को सुरक्षित सौंप दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, NH 30 चिटौद के पास रात्रि करीब 9:00 बजे एक अज्ञात वाहन ने हितेश कटेन्द्र को टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुरूर के पेट्रोलिंग स्टाफ थनेंद्र देवांगन तत्काल मौके पर पहुँचे। उन्होंने बिना समय गंवाए घायल हितेश कटेन्द्र को त्वरित उपचार हेतु जिला अस्पताल धमतरी में भर्ती कराया।
ईमानदारी की मिसाल
अस्पताल पहुँचाने के साथ ही पुलिस टीम को घायल के पास मौजूद एक छोटे बैग से लगभग ₹35,000 नगद और एक मोबाइल फोन प्राप्त हुआ। पेट्रोलिंग स्टाफ ने तुरंत परिजनों से संपर्क कर घायल की पत्नी को थाना बुलाकर बैग में रखे ₹35,000 और मोबाइल सही-सलामत व सम्मानपूर्वक सुपुर्द कर दिया।
थाना प्रभारी जोगेंद्र साहू ने बताया कि पेट्रोलिंग टीम की त्वरित कार्रवाई से घायल को समय पर डॉक्टरी सहायता मिल सकी। पुलिस टीम की इस तत्परता और ईमानदारी की स्थानीय नागरिकों व घायल के परिजनों द्वारा काफी सराहना की जा रही है।


