बालोद। देवरी–राजनांदगांव स्टेट हाईवे (एसएच) पर शनिवार 21 फरवरी 2026 को सुबह 11 बजे जेवरतला रोड स्थित डोंगरगांव चौक के पास ग्रामीणों द्वारा चक्का जाम किया गया। यह आंदोलन मुख्य मार्ग से ग्राम भरदा तक लगभग 3.5 किलोमीटर लंबी जर्जर सड़क के निर्माण एवं मरम्मत की मांग को लेकर किया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत टटेंगा, भरदा (ट), हरदी (ट), औरी, गंधरी, जेवरतला एवं रानीतराई रोड क्षेत्र के लोगों को पिछले 25 वर्षों से खराब सड़क के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अनेक बार जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों को आवेदन दिए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
बताया गया कि कलेक्टोरेट बालोद में भी आवेदन प्रस्तुत किया गया था, जहां 31 जनवरी 2026 से निर्माण कार्य प्रारंभ करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन आज तक कार्य शुरू नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
चक्का जाम का नेतृत्व क्षेत्रीय विधायक कुंवर सिंह निषाद ने किया। उनके साथ ग्रामीण सरपंच, जनपद सदस्य एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण विद्यार्थियों, मरीजों और आम नागरिकों को रोजाना आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

