Balod Times

प्री-मैट्रिक छात्रावास चिखलाकसा में बच्चों से दुर्व्यवहार का आरोप, अधीक्षक हिरासत में—मामले ने पकड़ा तूल

बालोद। नगर पंचायत चिखलाकसा स्थित प्री-मैट्रिक छात्रावास में बच्चों के साथ दुर्व्यवहार का गंभीर मामला सामने आया है। छात्रावास के अधीक्षक शुभम साखरे पर आरोप है कि वे बच्चों के साथ मारपीट करते हैं,उनका गला दबाते और उन्हें अशोभनीय गालियां देते हैं, जिससे छात्रावास का माहौल भय और असुरक्षा में बदल गया है।

बच्चों ने जताई असुरक्षा, माहौल हुआ भयभीत

बताया जा रहा है कि छात्रावास में रह रहे मासूम बच्चे अधीक्षक के व्यवहार से डरे हुए हैं। लगातार दुर्व्यवहार और मारपीट के चलते बच्चों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।

युवा कांग्रेस अध्यक्ष पहुंचे मौके पर

मामले का खुलासा तब हुआ जब इसकी जानकारी जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत बाला बोकड़े को मिली। सूचना मिलते ही वे छात्रावास पहुंचे और बच्चों से बातचीत कर सच्चाई जानने का प्रयास किया।

इस दौरान आरोप है कि अधीक्षक ने उनके साथ भी अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की और आक्रामक रवैया अपनाया।

वीडियो आया सामने, बढ़ी गंभीरता

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें अधीक्षक को आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए देखा और सुना जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद मामला और ज्यादा गंभीर हो गया है।

 

कलेक्टर के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई

घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर दिव्या मिश्रा को फोन पर अवगत कराया गया। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए और आदिवासी विभाग के सहायक आयुक्त को कार्रवाई करने को कहा।

निर्देश मिलते ही विभागीय टीम छात्रावास पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में

मामले की सूचना दल्लीराजहरा थाने को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी अधीक्षक को हिरासत में लेकर थाने ले गई।

अभिभावकों में आक्रोश, सख्त कार्रवाई की मांग

घटना की खबर फैलते ही बच्चों के अभिभावक बड़ी संख्या में छात्रावास पहुंचे और अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। उन्होंने दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पूरे मामले की जांच विभाग और पुलिस द्वारा की जा रही है। यह घटना न केवल प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि छात्रावासों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!