“नेशनल क्राइम कंट्रोल” का बोर्ड लगाकर घूम रहा था, स्कार्पियो व फर्जी आईडी सहित सामग्री जप्त
टोल टैक्स से बचने व अवैध लाभ लेने का करता था प्रयास, आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया

धमतरी-पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशानुसार जिले में असामाजिक तत्वों पर सतत एवं सघन निगरानी रखी जा रही है। कानून का दुरुपयोग कर आमजन को भ्रमित करने अथवा अवैध लाभ प्राप्त करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
इसी क्रम में दिनांक 21.02.2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आमातालाब रोड स्थित श्रद्धा वेल्डिंग दुकान के पास एक व्यक्ति अपने स्कार्पियो वाहन क्रमांक CG 05 AU 6136 में “NATIONAL CRIME CONTROL ORG.” का लोगो एवं “VICE PRESIDENT C.G. NATIONAL CRIME CONTROL ORG. ALL INDIA” लिखी प्लेट लगाकर खड़ा है तथा स्वयं को CID अधिकारी बताकर आमजन पर धौंस जमा रहा है।
सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची। विधि अनुसार गवाहों की उपस्थिति में जांच करने पर वाहन के डैशबोर्ड पर उक्त संगठन का लोगो एवं पदनाम प्रदर्शित बोर्ड पाया गया। वाहन चालक ने अपना नाम टिकेश्वर नरेटी, पिता सगराम नरेटी, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम डांगरा, थाना दुर्गकोंदल, जिला उत्तर बस्तर कांकेर (छ.ग.) बताया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने दो आईडी कार्ड प्रस्तुत किए, जिन पर “CRIME INVESTIGATION DEPARTMENT” एवं “CRIME INVESTIGATION DETECTIVE” अंकित था तथा स्वयं को “National Officer” दर्शाया गया था।
वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत करने हेतु नोटिस दिए जाने पर आरोपी कोई अधिकृत नियुक्ति पत्र अथवा प्रशिक्षण प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका।
आरोपी ने स्वीकार किया कि सितंबर 2025 में कथित व्यक्तियों के माध्यम से फर्जी आईडी कार्ड बनवाए थे तथा ऑनलाइन भुगतान कर उनकी वैधता बढ़ाई जाती थी। वह इन कार्डों एवं बोर्ड का उपयोग टोल टैक्स से बचने एवं अन्य स्थानों पर प्रभाव जमाने के लिए करता था।
🔹 जप्त सामग्री
• 02 नग फर्जी आईडी कार्ड
• 01 नग “NATIONAL CRIME CONTROL ORG.” लिखा बोर्ड
• 01 नग महिंद्रा स्कार्पियो वाहन CG 05 AU 6136
• 01 नग iPhone 11 Pro (जियो सिम सहित)
• 01 नग सैमसंग M12 मोबाइल (जियो एवं बीएसएनएल सिम सहित)
प्रथम दृष्टया आरोपी द्वारा फर्जी पहचान बनाकर स्वयं को सरकारी/जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर आमजन को भ्रमित करना एवं अवैध लाभ प्राप्त करने का प्रयास करना पाया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को दिनांक 21.02.2026 को रात्रि 10:00 बजे विधिवत गिरफ्तार किया गया।
थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 66/2026, धारा 204, 205, 336(3) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
🔹 पुलिस की अपील
धमतरी पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि यदि कोई व्यक्ति स्वयं को शासकीय अधिकारी बताकर धौंस दिखाता है या संदेहास्पद गतिविधि करता है, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। कानून का दुरुपयोग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी।

