Skip to main content

Balod Times

बालोद की विकास परियोजनाओं को गति देने पहल, भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव को सौंपा मांगपत्र

बजट में शामिल पुल-पुलिया निर्माण कार्यों को जल्द प्रशासनिक स्वीकृति देने की उठाई मांग

बालोद। जिले में प्रस्तावित महत्वपूर्ण पुल-पुलिया निर्माण कार्यों को जल्द शुरू कराने की मांग को लेकर भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन एवं भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 के बजट में शामिल निर्माण कार्यों को शीघ्र प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करने हेतु मांगपत्र सौंपा।

सौंपे गए मांगपत्र में गुण्डरदेही विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सांकरी–कमरौद मार्ग पर तांदुला नदी में 2442.68 लाख रुपये तथा तिलखैरी–देवरी मार्ग पर तांदुला नदी में 1513.06 लाख रुपये लागत के पुल निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देने का अनुरोध किया गया।

इसके साथ ही डौण्डीलोहारा विधानसभा क्षेत्र के पिपरखार–मरईटोला मार्ग पर खरखरा नाला में 540.26 लाख रुपये, कुसुमकसा–रेलवे स्टेशन मार्ग में 424.92 लाख रुपये तथा चिपरा से किल्लेकोड़ा मार्ग के जूझारा नाला में 211.94 लाख रुपये लागत के पुल-पुलिया निर्माण कार्यों को भी शीघ्र स्वीकृति देने की मांग रखी गई। इन सभी परियोजनाओं की कुल अनुमानित लागत 5132.86 लाख रुपये बताई गई है।

भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने कहा कि इन निर्माण कार्यों के पूरा होने से बरसात के दौरान आवागमन आसान होगा, किसानों को उपज परिवहन में राहत मिलेगी, विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज पहुंचने में सुविधा होगी तथा स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क और विकास दोनों मजबूत होंगे।

जिला भाजपा अध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है और बजट में शामिल ये पुल-पुलिया क्षेत्र की लंबे समय से लंबित मांगों में शामिल हैं। इनके निर्माण से हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

मुलाकात के दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने मांगों को गंभीरता से लेते हुए जनहित से जुड़े इन कार्यों पर सकारात्मक पहल और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!