बालोद टाइम्स
बालोद (छत्तीसगढ़)। असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक विजयादशमी पर्व बालोद क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव में इस बार बेहद खास और भव्य अंदाज में मनाया गया। गांव में आयोजित विजयादशमी उत्सव की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि यहाँ पहली बार मुख्य रावण दहन के साथ-साथ अलग-अलग मोहल्लों में कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का भी दहन किया गया। इस ऐतिहासिक और भव्य आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण व आसपास के लोग जुटे।
राम-रावण की भव्य शोभायात्रा रही आकर्षण का केंद्र
दशहरा उत्सव के अवसर पर गांव में भगवान राम और रावण की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। मनमोहक लाइटिंग, डीजे की धुन और गगनभेदी आतिशबाजी के बीच निकली इस शोभायात्रा ने पूरे माहौल को भक्तिमय और उत्सवमय बना दिया। जगह-जगह ग्रामीणों ने शोभायात्रा का आत्मीय स्वागत किया और पूरा वातावरण “जय श्रीराम” के उद्घोष से गुंजायमान रहा।

विभिन्न मोहल्लों में दहन हुए कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतले
इस बार की व्यवस्था में खास बदलाव करते हुए मुख्य स्थल पर रावण दहन के साथ-साथ गांव के अलग-अलग मोहल्लों में कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। पुतला दहन के दौरान हुई रंग-बिरंगी आतिशबाजी का उपस्थित जनसमूह ने जमकर आनंद उठाया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में आयोजन को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया।
‘रंग छत्तीसा’ की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने बांधा समां
पुतला दहन के बाद रात्रि में पूनम तिवारी कृत ‘रंग छत्तीसा’ छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। मंच पर कलाकारों ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, गीत-संगीत और पारंपरिक नृत्यों की ऐसी मनमोहक प्रस्तुतियां दीं कि दर्शक देर रात तक मंत्रमुग्ध होकर जमे रहे।
आकर्षक रोशनी, डीजे की धुन, भव्य आतिशबाजी, राम-रावण शोभायात्रा और छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के अद्भुत संगम के साथ जगन्नाथपुर का यह दशहरा उत्सव उत्साह, उल्लास और भाईचारे के माहौल में संपन्न हुआ।

