Skip to main content

Balod Times

बालोद टाइम्स की पहल लाई रंग: कलेक्टर ने सर्प रेस्क्यूअर जागेश्वर ढीमर को दी सुरक्षा किट

बालोद टाइम्स 

लोगों की जान बचाने के साथ सांपों के संरक्षण में जुटे जागेश्वर के कार्यों को मिला प्रशासनिक सम्मान

बालोद। जिले में सर्प रेस्क्यू कर लोगों को जहरीले सांपों के खतरे से बचाने तथा सांपों को सुरक्षित स्थान पर छोड़ने का कार्य कर रहे जागेश्वर ढीमर के लिए सोमवार का दिन खास रहा। बालोद टाइम्स की पहल पर कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने जागेश्वर ढीमर को सर्प रेस्क्यू के दौरान उपयोग होने वाली सुरक्षा किट प्रदान की। जिला प्रशासन की इस पहल से अब जागेश्वर और अधिक सुरक्षित तरीके से अपना सेवा कार्य कर सकेंगे। दरअसल, कुछ दिनों पहले बालोद टाइम्स ने जिले में सर्प रेस्क्यू के क्षेत्र में जागेश्वर ढीमर द्वारा किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों से कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा को अवगत कराया था। इस दौरान यह भी बताया गया था कि जागेश्वर द्वारा लोगों की सूचना पर अपनी जान जोखिम में डालकर विभिन्न स्थानों से सांपों का रेस्क्यू किया जाता है। कई बार पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें जोखिम उठाकर यह कार्य करना पड़ता है। ऐसे में बालोद टाइम्स ने कलेक्टर से जागेश्वर को आवश्यक सुरक्षा किट उपलब्ध कराने की मांग की थी।

कलेक्टर ने लिया संज्ञान, उपलब्ध कराई सुरक्षा किट-

बालोद टाइम्स की इस पहल को कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने गंभीरता से लिया और सर्प रेस्क्यू कार्य के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुरक्षा किट उपलब्ध कराने की पहल की। इसी क्रम में सोमवार को कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक के पश्चात कलेक्टर ने जागेश्वर ढीमर को सुरक्षा किट प्रदान की। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ सुनील चंद्रवंशी एवं अपर कलेक्टर सी.के. कौशिक भी मौजूद रहे। कलेक्टर द्वारा सुरक्षा किट प्रदान किए जाने पर जागेश्वर ढीमर ने जिला प्रशासन और बालोद टाइम्स का आभार व्यक्त किया।

मानव जीवन के साथ वन्यजीव संरक्षण में भी योगदान-

जागेश्वर ढीमर लंबे समय से सर्प रेस्क्यू के कार्य से जुड़े हुए हैं। जिले में जब भी किसी घर, दुकान, खेत या अन्य स्थान पर सांप निकलने की सूचना मिलती है, वे मौके पर पहुंचकर सांप को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करने का प्रयास करते हैं। इसके बाद सांप को उसके प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया जाता है। उनके इस कार्य से जहां एक ओर लोगों को संभावित सर्पदंश के खतरे से राहत मिलती है, वहीं दूसरी ओर सांपों की अनावश्यक हत्या को रोकने में भी मदद मिलती है। सर्पों को मारने के बजाय सुरक्षित रेस्क्यू कर उनका संरक्षण करना पर्यावरण संतुलन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है।

पहल से बढ़ा हौसला

बालोद टाइम्स द्वारा जागेश्वर ढीमर के सेवा कार्य को प्रशासन के सामने लाने और सुरक्षा किट की मांग किए जाने के बाद जिला प्रशासन की ओर से उठाए गए इस कदम को सकारात्मक पहल माना जा रहा है। सुरक्षा किट मिलने से जागेश्वर का हौसला भी बढ़ा है और अब वे आवश्यक सावधानियों के साथ सर्प रेस्क्यू का कार्य कर सकेंगे। बालोद टाइम्स की पहल और जिला प्रशासन की संवेदनशीलता से सेवा कार्य में जुटे एक युवा को सुरक्षा का संबल मिला है। यह पहल समाज में उन लोगों को प्रोत्साहित करने वाली है, जो बिना किसी स्वार्थ के लोगों की मदद और पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!