Balod Times

बालोद नगर पालिका बजट बैठक में हंगामा: कांग्रेस पार्षदों ने बजट की प्रतियां फाड़कर जताया विरोध

“कागजी विकास नहीं चलेगा” के नारों से गूंजा परिषद सभाकक्ष, कांग्रेस ने बजट को बताया जनता से वादाखिलाफी

बालोद। नगर पालिका परिषद बालोद में वर्ष 2026-27 का वार्षिक बजट पेश किए जाने के दौरान परिषद की बैठक जमकर हंगामेदार रही। नेता प्रतिपक्ष कसीमुद्दीन कुरैशी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षद दल ने बजट का जोरदार विरोध करते हुए इसे “सिर्फ कागजी आंकड़ों का बजट” बताया। विरोध स्वरूप कांग्रेस पार्षदों ने बजट की प्रतियां फाड़कर हवा में उछाल दीं और नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

“जनता को सिर्फ आश्वासन नहीं, जमीन पर काम चाहिए”

बैठक में कांग्रेस पार्षदों ने नगर विकास के नाम पर किए जा रहे दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि शहर की जनता अब केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि धरातल पर विकास कार्य देखना चाहती है। कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि वे भी बालोद शहर के विकास के पक्षधर हैं, लेकिन विकास के नाम पर सिर्फ बड़े-बड़े वादे कर जनता को भ्रमित करना उचित नहीं है।

नेता प्रतिपक्ष कसीमुद्दीन कुरैशी ने नगर पालिका अध्यक्ष की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रस्तुत बजट में विकास की कोई ठोस कार्ययोजना नजर नहीं आती। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2025-26 के बजट में शामिल लगभग 14 प्रमुख बिंदुओं में से केवल अटल परिसर का कार्य ही धरातल पर दिखाई देता है, जबकि बाकी योजनाएं अधूरी या सिर्फ फाइलों तक सीमित हैं।

“फिर से दिखाए जा रहे बड़े सपने”

कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि अब वर्ष 2026-27 के बजट में फिर 10 नए बिंदु जोड़कर बड़े-बड़े सपने दिखाए जा रहे हैं, लेकिन पिछले अनुभवों को देखते हुए आशंका है कि यह बजट भी कागजों से बाहर नहीं निकल पाएगा। उन्होंने कहा कि शहर की सड़कें, नालियां, पेयजल, सफाई और गरीबों की योजनाएं प्राथमिकता होनी चाहिए।

राशन कार्ड मुद्दे पर कांग्रेस का तीखा विरोध

बैठक के दौरान कांग्रेस पार्षदों ने राशन कार्ड को टैक्स जमा करने से जोड़ने के मुद्दे पर भी जोरदार विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि राशन कार्ड गरीबों और जरूरतमंदों का अधिकार है और इसे टैक्स से जोड़कर आम जनता को परेशान करना जनविरोधी फैसला है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति को राशन कार्ड से वंचित नहीं किया जाना चाहिए और गरीबों के अधिकारों पर किसी भी प्रकार की बाधा कांग्रेस स्वीकार नहीं करेगी।

महिलाओं और बच्चों के मुद्दे भी उठे

वार्ड क्रमांक 8 की पार्षद रीता सोनी ने महिलाओं के लिए प्रस्तावित व्यायामशाला और महतारी सदन के विकास कार्यों के अब तक पूरा नहीं होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुविधाओं और सुरक्षा को लेकर नगर पालिका के पास कोई स्पष्ट योजना नहीं दिखती।

वहीं वार्ड क्रमांक 16 के पार्षद विनोद बंटी शर्मा ने शहर के गार्डनों और सार्वजनिक स्थलों की बदहाल स्थिति का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बच्चों और युवाओं के लिए खेल एवं मनोरंजन सुविधाओं की भारी कमी है।

“जरूरत पड़ी तो होगा जनआंदोलन”

विधायक प्रतिनिधि धीरज उपाध्याय ने भी बजट को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि नगर पालिका केवल कागजों में विकास दिखा रही है, जबकि अधिकांश घोषणाएं आज भी अधूरी हैं।

कांग्रेस पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि यह बजट भी केवल फाइलों तक सीमित रहा और धरातल पर विकास कार्य दिखाई नहीं दिए, तो कांग्रेसजन जनता की आवाज बनकर धरना, प्रदर्शन और जनआंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे।

बैठक में ये रहे मौजूद

विरोध प्रदर्शन एवं बजट बैठक के दौरान नेता प्रतिपक्ष कसीमुद्दीन कुरैशी, उपनेता प्रतिपक्ष सुनील मलेकर, विधायक प्रतिनिधि धीरज उपाध्याय, पार्षद विनोद बंटी शर्मा, रीता सोनी, किरण साहू, सुमित शर्मा, निर्देश पटेल एवं सतीश यादव सहित कांग्रेस पार्षद और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!