Skip to main content

Balod Times

बालोद बिग ब्रेकिंग: एनएच-930 पर भीषण सड़क हादसा; दो बाइक में भिड़ंत के बाद ट्रक ने कुचला, 2 की मौके पर मौत, 3 गंभीर

बालोद टाइम्स 

बालोद। बालोद थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-930) पर दल्लीराजहरा मार्ग में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की आपस में भीषण भिड़ंत के बाद सड़क पर गिरे दो युवकों को एक अज्ञात ट्रक ने रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस भीषण हादसे में तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुर्घटना के बाद युवकों की बाइक में आग लग गई।

सड़क पर गिरते ही ट्रक ने रौंदा, दो की दर्दनाक मौत

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम जगन्नाथपुर निवासी गेमन लाल देशमुख (पिता नूतन देशमुख), ग्राम परसदा निवासी अरुण साहू और यसु देशमुख (19 वर्ष) एक बाइक पर दल्लीराजहरा से बालोद की ओर आ रहे थे। वहीं दूसरी ओर बालोद से दल्लीराजहरा की ओर आ रहे बाइक सवार पोषण कुमार गोयल (30 वर्ष) और नरेंद्र निषाद (31 वर्ष) की उनसे आमने-सामने सीधी भिड़ंत हो गई।

भिड़ंत के बाद सड़क पर गिरे गेमन लाल और अरुण साहू को पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बेरहमी से कुचल दिया। ट्रक के पहिए के नीचे आने की वजह से दोनों की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई।

हादसे में घायल एवं मृतक सूची:

मृतक (2):

गेमन लाल देशमुख (पिता नूतन देशमुख) – निवासी ग्राम जगन्नाथपुर

अरुण साहू – निवासी ग्राम परसदा

गंभीर घायल (3):

यसु देशमुख (19 वर्ष, पिता हिराराम देशमुख) – निवासी ग्राम जगन्नाथपुर सांकरा

नरेंद्र निषाद (31 वर्ष, पिता खेमचंद निषाद) – निवासी दल्लीराजहरा

पोषण कुमार गोयल (30 वर्ष, पिता अशोक कुमार गोयल) – निवासी ग्राम सिकोसा (थाना गुंडरदेही)

अस्पताल में इलाज जारी, पुलिस जांच में जुटी

जांच के तुरंत बाद आसपास के लोगों और राहगीरों की मदद से तीनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल बालोद पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही बालोद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पंचनामा/पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई और फरार ट्रक की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!