Skip to main content

Balod Times

बालोद में ‘स्व AWAKE’ का ऐतिहासिक समापन: 1200 लोगों ने एक साथ किया जुंबा-योग, 21 हजार सहभागियों के लक्ष्य की घोषणा

बालोद। गुरु ग्रेस योग एंड वैलनेस टीम एवं जिला प्रशासन बालोद के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय जुंबा एवं योग का मेगा इवेंट “स्व AWAKE” का भव्य समापन उत्साह और ऊर्जा के साथ हुआ। अंतिम दिवस पर लगभग 1200 बालोदवासियों ने एक साथ योगाभ्यास कर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी छत्तीसगढ़ के चेयरमैन श्री तोमन साहू उपस्थित रहे। अध्यक्षता इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी जिला बालोद के चेयरमैन डॉ. प्रदीप जैन ने की। विशेष अतिथि के रूप में वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. महीश्वर, खनिज संघ के जिलाध्यक्ष चेतन पटेल, युवा पार्षद सुमित शर्मा एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेश निर्मलकर मौजूद रहे।

योग प्रशिक्षक श्री धीरज शर्मा ने जुंबा डांसिंग अभ्यास से कार्यक्रम का शुभारंभ कराया। प्रतिदिन गुरु ग्रेस योगा एंड वैलनेस की योगिनियों द्वारा विभिन्न योग डेमोंस्ट्रेशन प्रस्तुत किए गए। प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, पुलिस जवान, पत्रकार, गणमान्य नागरिक, व्यापारी वर्ग तथा स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। जुंबा की ऊर्जावान धुनों पर प्रतिभागियों ने जमकर अभ्यास किया, जिसके बाद सूर्य नमस्कार, आसन, प्राणायाम एवं ध्यान कराया गया।

इस आयोजन में बालोद सहित दुर्ग, भिलाई, दल्ली राजहरा, अर्जुंदा व लोहारा से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। योग स्थल पर विभिन्न श्रेणियों के लिए बैरिकेडिंग की समुचित व्यवस्था की गई थी। लगभग डेढ़ घंटे चले योगाभ्यास के पश्चात आयुष विभाग द्वारा अंकुरित अनाज एवं स्वास्थ्यवर्धक काढ़े का वितरण किया गया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विभिन्न श्रेणियों में लकी ड्रा रहा, जिसमें बेस्ट ड्रेसअप एवं बेस्ट परफॉर्मेंस (महिला एवं पुरुष वर्ग) को पुरस्कृत किया गया।

अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. प्रदीप जैन ने योग के वैज्ञानिक लाभों पर प्रकाश डालते हुए नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि श्री तोमन साहू ने इसे बालोद के लिए प्रेरणादायी आयोजन बताते हुए भविष्य में 21 हजार से अधिक लोगों की सहभागिता वाला और भी भव्य कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की।

समापन अवसर पर आयोजक टीम ने जिला प्रशासन, रेड क्रॉस सोसायटी, पंजाब नेशनल बैंक, एसआर लैब एवं बालोद टाइम्स का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम संचालक श्री धीरज शर्मा ने बताया कि जल्द ही “स्व AWAKE 2.0” का आयोजन किया जाएगा।

अंत में सभी प्रतिभागियों ने आयोजक टीम को सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!