Skip to main content

Balod Times

बेटी से दोस्ती का विरोध बना खूनी साजिश: आधी रात घर में घुसकर हमला करने वाले 6 आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

बालोद पुलिस की त्वरित कार्रवाई, भिलाई से दबोचे गए सभी आरोपी; लाठी-डंडे और वारदात में प्रयुक्त वाहन जब्त

बालोद। बालोद जिले के थाना देवरी अंतर्गत चौकी पिनकापार क्षेत्र के ग्राम संबलपुर (नाहंदा) में देर रात घर में घुसकर परिवार के बीच सो रहे गौकरण साहू पर जानलेवा हमला करने वाले 6 आरोपियों को बालोद पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों को भिलाई से गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त लाठी-डंडे, लकड़ी का राफ्टर तथा मोटरसाइकिल और स्कूटी भी जब्त कर ली है।

यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य, पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर एवं डीएसपी (मुख्यालय) श्रुति सिंह के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में की गई।

आधी रात घर में घुसकर किया जानलेवा हमला

पुलिस के अनुसार, गौकरण साहू अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी घर में घुस आए और बांस के डंडे एवं लकड़ी के राफ्टर से उनके सिर, पीठ और कमर पर ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना देवरी में अपराध क्रमांक 101/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 109, 332(2) एवं 191(3) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

13 वर्षीय बेटी बनी अहम गवाह

घटना के समय गौकरण साहू के पास सो रही उनकी 13 वर्षीय पुत्री हमले की आवाज सुनकर जाग गई। उसने पुलिस को बताया कि उसने एक व्यक्ति को पीछे की ओर भागते हुए देखा था। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और साइबर विश्लेषण की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।

डेढ़ साल पुरानी रंजिश में रची गई साजिश

पूछताछ में मुख्य आरोपी भानूप्रताप जैन ने बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पहले उसकी गौकरण साहू की पुत्री से जान-पहचान थी। इसका विरोध करते हुए गौकरण साहू ने उसे और उसके माता-पिता को बुलाकर फटकार लगाई थी, जिससे वह अपमानित महसूस कर रहा था। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए उसने योजनाबद्ध तरीके से अपने साथियों के साथ मिलकर हमला किया।

भिलाई से गिरफ्तार हुए आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं—

भानूप्रताप जैन (18), निवासी खपराभाट, हाल अम्बेडकर चौक टंकी मरोदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग।

नीरज रस्तोगी (18), निवासी गौरी गौरा चौक टंकी मरोदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग।

तुषार निर्मलकर (20), निवासी बजरंग चौक टंकी मरोदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग।

दिनेश ढीमर (25), निवासी गौरी गौरा चौक टंकी मरोदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग।

कुंदन यादव (18), निवासी गणेश चौकी टंकी मरोदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग।

दीपेश पटेल (18), निवासी बहेराभाठा, थाना देवरी, जिला बालोद।

सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक मनीष शेण्डे, सउनि रामप्रसाद गजबिहे, राजेश ठाकुर, खेमलाल ठाकुर, थलेश्वर सुधाकर, मलेश्वर नेताम, दिलीप बर्मन, संतोष खुटेल, भूपतदास मानिकपुरी, सायबर सेल प्रभारी सउनि धरम भूआर्य, भुनेश्वर मरकाम, विवेक शाही, विपिन गुप्ता, राहुल मनहरे, भोपसिंह साहू, संदीप यादव, आकाश दुबे, पुरन देवांगन, मिथलेश यादव, योगेश पटेल तथा गुलजारी साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!