Balod Times

“बोर्ड परीक्षा पर प्रशासन की पैनी नजर: डौंडीलोहारा के केंद्रों में औचक जांच, नकल का एक भी मामला नहीं”

बालोद। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर द्वारा आयोजित हाई स्कूल मुख्य परीक्षा 2026 (कक्षा 10वीं) के द्वितीय दिवस जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल ने डौंडीलोहारा विकासखंड के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करना था।

उड़नदस्ता दल ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय दुधली, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़गांव, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय डौंडीलोहारा तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कमकापार का निरीक्षण किया।

जिला शिक्षा अधिकारी बालोद मधुलिका तिवारी ने परीक्षा केंद्रों में उपस्थित विद्यार्थियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए उन्हें आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने के लिए प्रोत्साहित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

निरीक्षण के दौरान किसी भी परीक्षा केंद्र में नकल का कोई प्रकरण नहीं पाया गया। सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संचालित होती पाई गई, जिससे प्रशासनिक व्यवस्थाओं की प्रभावशीलता स्पष्ट हुई।

इसके अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा विद्यालयों की आधारभूत संरचनाओं का भी अवलोकन किया गया तथा संबंधित प्राचार्यों को आवश्यक सुझाव और दिशा-निर्देश प्रदान किए गए, ताकि भविष्य में शैक्षणिक वातावरण और बेहतर बनाया जा सके।

जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल में जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मधुलिका तिवारी, सहायक परियोजना समन्वयक श्री लेख राम साहू, जिला खेल समन्वयक श्री सपन जेना, व्यायाम शिक्षक श्री सुरेश शांडिल्य एवं व्यायाम शिक्षिका सुश्री आदिला खान शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!