बालोद टाइम्स
बालोद। जिले में अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘मिशन नवचेतना’ के तहत गुंडरदेही पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सिकोसा गांव के बड़ा तालाब के पास घेराबंदी कर 550 ग्राम गांजे के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की कीमत लगभग 25,500 रुपये आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 1 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिकोसा के बड़ा तालाब के पास एक व्यक्ति गांजा बेचने की फिराक में खड़ा है। खबर मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर आरोपी को धर दबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास से 550 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
- आरोपी की पहचान: गोवर्धन राय (37 वर्ष), पिता जगन्नाथ राय, निवासी- वार्ड क्रमांक 08, ग्राम सिकोसा।
- कानूनी कार्रवाई: आरोपी के खिलाफ थाना गुंडरदेही में अपराध क्रमांक 284/2026, धारा 20(बी) NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस टीम की भूमिका
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना और एसडीओपी श्रुति सिंह के मार्गदर्शन में की गई। इसमें थाना प्रभारी रवि पाण्डेय, एएसआई राजेश ठाकुर, पीएसआई सृष्टि, आरक्षक पंकज ताराम और यशवंत देशमुख की मुख्य भूमिका रही।
बालोद पुलिस की अपील: नशे के कारोबार से दूर रहें और जिले को नशामुक्त बनाने में सहयोग करें। किसी भी प्रकार के अवैध मादक पदार्थ की बिक्री या तस्करी की सूचना तुरंत पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।


