बालोद। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत बालोद जिले में लगातार जागरूकता एवं सुविधा आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार 16 जनवरी 2026 को यातायात एवं परिवहन विभाग बालोद द्वारा संयुक्त रूप से लर्निंग लायसेंस शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 43 वाहन चालकों को लर्निंग लायसेंस प्रदाय किया गया।

यह आयोजन पुलिस अधीक्षक बालोद श्री योगेश कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्या.) श्री बोनीफॉस एक्का एवं यातायात प्रभारी निरीक्षक श्री रविशंकर पाण्डेय के नेतृत्व में संपन्न हुआ। शिविर का आयोजन यातायात कार्यालय बालोद के सामने किया गया, जिसमें परिवहन सुविधा केंद्र का भी सहयोग रहा।
कार्यक्रम के दौरान सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए आवेदकों के लर्निंग लायसेंस बनाए गए और उन्हें मौके पर ही प्रदान किए गए। शिविर को लेकर वाहन चालकों में उत्साह देखा गया और बड़ी संख्या में लोगों ने सुविधा का लाभ उठाया।
इस अवसर पर यातायात पुलिस बालोद द्वारा आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की गई कि—
बिना वैध लायसेंस के वाहन न चलाएं।
नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें।
शराब सेवन कर तेज व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर स्वयं व दूसरों की जान खतरे में न डालें।
हमेशा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा करें।
यातायात पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा बालोद पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ऐसे शिविर निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं।
यातायात एवं परिवहन विभाग ने बताया कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान आगामी दिनों में जिले के विभिन्न स्थानों पर लर्निंग लायसेंस शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनका विवरण इस प्रकार है—
17 जनवरी 2026 – गैंजी
18 जनवरी 2026 – मालीघोरी
19 जनवरी 2026 – डौण्डीलोहारा
20 जनवरी 2026 – चिल्हाटीकला
22 जनवरी 2026 – कमकापार
23 जनवरी 2026 – मंगचुवा
24 जनवरी 2026 – कोटेरा
इच्छुक व्यक्ति निर्धारित तिथि एवं स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर लर्निंग लायसेंस बनवा सकते हैं। बालोद पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षित यातायात ही सुरक्षित जीवन की कुंजी है।

