Balod Times

शहरी गरीबों के लिए वरदान बनी मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना :बालोद जिले में चार मोबाइल मेडिकल यूनिट बसों से एक साल में 68441 मरीज हुए लाभान्वित

बालोद– छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना शहरी स्लम क्षेत्रों में रहने वाले गरीब एवं जरूरतमंद नागरिकों के लिए एक मजबूत स्वास्थ्य सुरक्षा कवच बनकर उभरी है। इस योजना का उद्देश्य उन वर्गों तक गुणवत्तापूर्ण प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाना है, जो आर्थिक या सामाजिक कारणों से अस्पतालों तक नहीं पहुँच पाते।

योजना के अंतर्गत संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट (MMU) के माध्यम से स्लम क्षेत्रों में नियमित रूप से स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। नगर पालिका बालोद के सीएमओ मोबिन अली ने बताया कि प्रत्येक एंबुलेंस में डॉक्टर, नर्स, फार्मासिस्ट एवं लैब तकनीशियन की तैनाती की गई है, जिससे मौके पर ही जाँच, परामर्श और दवाओं का वितरण संभव हो सका है। इससे न केवल समय की बचत हो रही है, बल्कि आमजन को इलाज के लिए दूर-दराज नहीं भटकना पड़ रहा। मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के माध्यम से महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों एवं श्रमिक वर्ग को विशेष लाभ मिल रहा है। सामान्य बीमारियों के साथ-साथ ब्लड प्रेशर, शुगर, एनीमिया जैसी समस्याओं की जाँच और उपचार भी नियमित रूप से किया जा रहा है। आवश्यक दवाइयाँ निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे गरीब परिवारों पर आर्थिक बोझ कम हुआ है। बालोद जिले में इस योजना के तहत चार मोबाईल मेडिकल यूनिट बस संचालित है जिससे एक साल के भीतर 68 हजार 441 मरीज लाभान्वित हुए हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह योजना उनके लिए किसी राहत से कम नहीं है। पहले जहाँ इलाज के लिए निजी क्लीनिकों पर निर्भर रहना पड़ता था, वहीं अब सरकार स्वयं उनके द्वार तक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचा रही है। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से योजना का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से किया जा रहा है और निरंतर निगरानी भी रखी जा रही है। कुल मिलाकर, मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना छत्तीसगढ़ सरकार की जनहितैषी सोच का सशक्त उदाहरण है, जो “स्वस्थ नागरिक, सशक्त छत्तीसगढ़” के संकल्प को जमीनी स्तर पर साकार कर रही है। यह योजना न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच बढ़ा रही है, बल्कि शहरी गरीबों के जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव ला रही है। ब्वया हेल्थ सर्विस रायपुर के तहत बालोद जिला अर्बन पब्लिक सर्विस सोसायाटी(छत्तीसगढ़) के समन्वयक कपिल देव साहू ने बताया कि 01.01.2025 से 31.12.2025 तक कुल शिविर – 1152 हुए हैं जिसमें कुल 68441 मरीज लाभान्वित हुए हैं। दवाई वितरण 64493 को और लैब टेस्ट 17647 मरीजों का हुआ। इसी तरह 01.04.2022 से 31.12.2025 तक कुल शिविर 3915 हुए हैं जिसमें कुल मरीज 3 लाख 17 हजार 657 लाभ लिए हैं। जिसमें से दवाई वितरण 3 लाख 4 हजार 353 मरीजों को किया गया है इस दौरान लैब टेस्ट संख्या 87 हजार 602 है। मोबाइल मेडिकल यूनिट की संख्या 4 है जिसमें एक यूनिट बालोद में , दूसरा यूनिट दल्लीराजहरा, डौडी लोहारा में , तीसरा यूनिट अर्जुदा, गुंडरदेही, पलारी में और चौथा यूनिट चीखलाकसा, डौडी, गुरूर में सेवा देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!