बालोद। छत्तीसगढ़ निषाद (केंवट) समाज परिक्षेत्र बासीन द्वारा शनिवार, 18 जनवरी 2026 को शिरोमणि भक्त गुहा निषादराज जयंती एवं सम्मान समारोह का आयोजन गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन, महिलाएं, युवा तथा बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री तोमन साहू शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा संतोष चौधरी ने की। आयोजन स्थल पर समाज की महिलाओं ने नपाध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा संतोष चौधरी का गुलाल लगाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत व अभिनंदन किया। इसके पश्चात अतिथियों द्वारा भगवान श्रीरामचंद्र जी के छायाचित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। समारोह के दौरान निषाद समाज के बच्चों ने छत्तीसगढ़ की पारंपरिक वेशभूषा में छत्तीसगढ़ी गीतों पर मनमोहक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। साथ ही समाज द्वारा आकर्षक झांकियां एवं भव्य कलश यात्रा भी निकाली गई, जिसे उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ निषाद समाज की ओर से सभी अतिथियों को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में नपाध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा संतोष चौधरी ने कहा कि निषादराज गुहा भगवान श्रीरामचंद्र जी के परम मित्र थे, जिन्होंने वनवास के समय प्रभु श्रीराम, माता सीता एवं लक्ष्मण जी को सहयोग प्रदान किया। उन्होंने कहा कि निषादराज गुहा जी की भक्ति, सेवा भाव और सामाजिक समरसता आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। निषाद समाज प्रकृति प्रेमी समाज है, जो नदियों और जल को गंगा मैया के रूप में पूजता है। समारोह ने सामाजिक एकता, सांस्कृतिक चेतना और परंपराओं के संरक्षण का सशक्त संदेश दिया।
शिरोमणि भक्त गुहा निषादराज जयंती एवं सम्मान समारोह भव्य रूप से संपन्न

