Balod Times

“‘संकल्प विकसित छत्तीसगढ़ अंजोर 2047’ की दिशा में ऐतिहासिक कदम: बजट को लेकर भाजपा नेताओं ने जताया विश्वास”

बालोद। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत बजट को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश के समग्र एवं संतुलित विकास का संकल्प बताया गया है। “ज्ञान” और “गति” के बाद इस वर्ष का बजट “संकल्प विकसित छत्तीसगढ़ अंजोर 2047” की थीम पर आधारित है, जो नीतियों को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

प्रदेश भाजपा महामंत्री यशवंत जैन ने कहा कि यह बजट छत्तीसगढ़ के विकास को नई गति देगा तथा सभी वर्गों के संतुलित उत्थान, आधुनिक कौशल विकास और आजीविका के नए अवसर सृजित करने की दिशा में कारगर सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि पूर्व के बजट “ज्ञान” (गरीब, युवा, अन्नदाता, नारी) और “गति” (सुशासन, अधोसंरचना, तकनीक, औद्योगिक विकास) पर आधारित थे, जबकि इस वर्ष का “संकल्प” बजट नीतियों को परिणाम तक पहुंचाने का दृढ़ निश्चय है।

छत्तीसगढ़ वनोपज संघ के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री) यज्ञदत्त शर्मा ने इसे विकसित छत्तीसगढ़ के विजन डॉक्यूमेंट की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि बजट में पांच नए मिशन शामिल किए गए हैं, जो आर्थिक विस्तार, सामाजिक न्याय, अधोसंरचना और सांस्कृतिक पहचान को साथ लेकर आगे बढ़ेंगे।

प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा कि अबूझमाड़ और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी, नए औद्योगिक पार्क, लैंड बैंक विकास योजना, बस्तर एवं सरगुजा में औद्योगिक विकास, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0, सिरपुर विकास तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में नई ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस नीति जैसे प्रावधान राज्य की दीर्घकालिक प्रगति को सशक्त करेंगे। साथ ही जनजातीय लोक संगीत और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए समर्पित स्टूडियो की स्थापना का भी प्रावधान किया गया है।

भाजपा नेता अभिषेक शुक्ला ने बजट को जनता की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब बताते हुए कहा कि इसमें किसानों, महिलाओं, युवाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आधारभूत संरचना के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि यह सरकार का तीसरा बजट है, जो 3 करोड़ जनता के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को समर्पित है। उन्होंने बताया कि “SANKALP” के प्रत्येक अक्षर—समावेशी विकास, अधोसंरचना, निवेश, कुशल मानव संसाधन, अंत्योदय, आजीविका और पॉलिसी से परिणाम तक—बजट के मूल स्तंभ हैं।

पूर्व प्रदेश मंत्री राकेश यादव ने बजट को निवेश, परिणाम और नागरिकों की आकांक्षाओं को उपलब्धियों में बदलने वाला बताया। पूर्व जिला अध्यक्ष पवन साहू ने कृषि उन्नत योजना के अंतर्गत 10,000 करोड़ के प्रावधान, 5 एचपी तक कृषि पंपों हेतु मुफ्त बिजली, एकल बत्ती कनेक्शन एवं घरेलू उपभोक्ताओं को रियायत सहित 6,700 करोड़ के प्रावधान को ऐतिहासिक बताया।

पूर्व विधायक प्रीतम साहू ने महतारी वंदन योजना के लिए 8,200 करोड़ के प्रावधान को महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम बताया। वहीं पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण हेतु 4,000 करोड़ एवं शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजना हेतु 1,500 करोड़ के प्रावधान को जनकल्याणकारी बताया।

जिला महामंत्री राकेश छोटू यादव ने लखपति दीदी भ्रमण योजना, महिलाओं को संपत्ति पंजीयन शुल्क में 50% छूट और महिला सशक्तिकरण के अन्य प्रावधानों की सराहना की। जिला महामंत्री सौरभ लुनिया ने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने हेतु कुदरगढ़, रतनपुर, चंद्रपुर, डोंगरगढ़ एवं दंतेवाड़ा शक्तिपीठों के लिए आस्था पथ योजना के प्रावधान को महत्वपूर्ण बताया।

जिला मीडिया प्रभारी कमल पनपालिया ने कहा कि राज्य निर्माण के समय 4,944 करोड़ का बजट आज बढ़कर 1,72,000 करोड़ तक पहुंच गया है, जो प्रदेश की आर्थिक प्रगति का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह बजट सर्वस्पर्शी है, जो महिला, किसान, युवा और उद्यमियों की आकांक्षाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

भाजपा नेताओं ने एक स्वर में कहा कि “संकल्प विकसित छत्तीसगढ़ अंजोर 2047” थीम पर आधारित यह बजट प्रदेश की समृद्धि, सुशासन और सर्वांगीण विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!