Balod Times

स्कूल प्रबंधन की घोर लापरवाही! चालक की जगह सफाई कर्मचारी चला रहा था वैन, नाले में गिरने से 7 साल की मासूम की मौत

बालोद/डौंडी। डौंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मरारटोला (छिंदगांव) के पास बुधवार दोपहर तीन से चार बजे के बीच एक स्कूल वैन अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में 7 वर्ष की मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य बच्चे घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन आजाद पब्लिक स्कूल, डौंडी का बताया जा रहा है। स्कूल की छुट्टी के बाद वैन में 20 से अधिक बच्चों को बैठाकर उन्हें घर छोड़ा जा रहा था। इसी दौरान वाहन नाले में गिर गया। गाड़ी में कुल 21 बच्चे सवार थे।

हादसे में वेदांशी साहू (7 वर्ष), निवासी लिम्हाटोला की मौके पर ही मृत्यु हो गई। अन्य घायल बच्चों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रारंभिक जांच में गंभीर लापरवाही सामने आ रही है। चर्चा है कि नियमित चालक की बजाय स्कूल का सफाई कर्मचारी वाहन चला रहा था। आरोप यह भी है कि वह नशे की हालत में था। यदि यह तथ्य जांच में सही पाए जाते हैं, तो यह स्कूल प्रबंधन की बड़ी चूक मानी जाएगी।

डौंडी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों के अनुसार मृत बच्ची के पिता चिमनलाल साहू का भी लगभग तीन माह पूर्व ट्रैक्टर पलटने से निधन हो चुका है। अल्प समय में पिता और पुत्री की मौत से गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल है।

प्रशासनिक जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होगी, लेकिन प्रारंभिक जानकारी ने स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!