Balod Times

35 घरों वाले छोटे से गाँव नैकुरा में विधायक संगीता सिन्हा ने मनाया जन्मदिन, बच्चों के बीच बांटी खुशियां, देखे विडिओ

बालोद। वनांचल क्षेत्र के गुरूर ब्लॉक के छोटे से ग्राम नैकुरा जहां मात्र 35 घर हैं, उसको चुनकर बालोद विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री श्रीमती संगीता सिन्हा ने अपना जन्मदिन सादगी और आत्मीयता के साथ मनाया। शासकीय प्राथमिक शाला नैकुरा में आयोजित जन्मदिन उत्सव में हजारों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण, कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।

विधायक संगीता सिन्हा ने बच्चों के बीच केक काटकर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। इस दौरान स्कूल परिसर में उत्सव का माहौल रहा। बच्चों ने उनके स्वागत में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिसे उपस्थित जनसमूह ने सराहा। विधायक के सौजन्य से बच्चों एवं ग्रामीणों के लिए नेवता भोज का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

 

कार्यक्रम में पूर्व विधायक भैया राम सिन्हा, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष किशोर साहू, नरेंद्र सिन्हा, बालोद से वार्ड नं 12 से पार्षद सुमित शर्मा, साजन पटेल, कमलेश श्रीवास्तव,वैभव साहू सहित अनेक कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने विधायक को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु एवं उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की। ज्ञात हो कि संजारी-बालोद विधानसभा क्षेत्र की लोकप्रिय विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा अपने सरल स्वभाव, जनसंपर्क और विकास के प्रति समर्पण के लिए जानी जाती हैं। वर्ष 2018 में पहली बार विधायक निर्वाचित होने के बाद उन्होंने सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, पुल-पुलिया सहित अनेक विकास कार्यों को प्राथमिकता दी। वर्ष 2023 में पुनः विधायक निर्वाचित होकर उन्होंने जनता के विश्वास को और मजबूत किया है।

विधायक संगीता सिन्हा महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए लगातार सक्रिय रहती हैं। क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में सहभागी बनकर उन्होंने एक जनप्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में अपनी पहचान स्थापित की है।

जन्मदिन के अवसर पर क्षेत्रभर से जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए स्वस्थ, दीर्घायु और उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की है। ग्रामीणों ने कहा कि छोटे से वनांचल गांव में जन्मदिन मनाकर विधायक ने क्षेत्र की जनता से अपने आत्मीय संबंध को और मजबूत किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!