बालोद। छत्तीसगढ़ राज्य में पुलिस और सुरक्षा बलों की आधारभूत संरचना को सशक्त बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वर्चुअल कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कई नवीन प्रशासनिक और आवासीय भवनों का विधिवत लोकार्पण किया।
इस अवसर पर थाना सनोद का नया थाना भवन, 21वीं वाहिनी करकाभांट बालोद, 19वीं वाहिनी जगदलपुर, 20वीं वाहिनी महासमुंद परसदा और 22वीं वाहिनी कांकेर भिरागांव के नवनिर्मित प्रशासनिक और आवासीय भवनों का लोकार्पण किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस और सुरक्षा बलों के लिए आधुनिक प्रशासनिक ढांचा और बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इससे पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी और उनके परिवारों को सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक वातावरण मिलेगा। उन्होंने नव-निर्मित भवनों में आधुनिक कार्यालय व्यवस्था और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाने का भी उल्लेख किया।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश में पुलिस बल को सशक्त बनाने और उनके कार्य-परिस्थितियों को बेहतर बनाने हेतु आधारभूत संरचनाओं का विकास निरंतर किया जा रहा है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत बालोद पुलिस द्वारा यातायात जागरूकता बढ़ाने हेतु “सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा कैलेंडर” का वितरण भी किया गया।
वर्चुअल लोकार्पण कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, 21वीं वाहिनी करकाभांट बालोद में चेमन देशमुख, यज्ञदत्त शर्मा, प्रतिभा चौधरी, प्रीतम साहू, पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल, कमांडेंट ज्योति सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर, उप सेनानी डॉ. आई.आर. खान, डीएसपी बोनीफास एक्का, डीएसपी माया शर्मा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
सभी ने राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की। यह लोकार्पण कार्यक्रम राज्य में बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण और पुलिस बल के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।

