Balod Times

गांधी पुण्यतिथि पर भट्टी बंद की मांग, नहीं माने तो ‘रघुपति राघव’ के साथ आंदोलन

बालोद
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि 30 जनवरी को शुष्क दिवस घोषित कर जिले की सभी शराब भट्टियों को बंद रखने की मांग को लेकर युवा कांग्रेस बालोद ने जिला प्रशासन के समक्ष ज्ञापन सौंपा। युवा कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने बालोद तहसीलदार को ज्ञापन देकर प्रशासन से तत्काल आदेश जारी करने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि महात्मा गांधी जी के देश की आज़ादी में दिए गए अतुलनीय योगदान को देखते हुए पूर्व की विभिन्न सरकारों द्वारा उनकी जयंती एवं पुण्यतिथि पर शराब भट्टियां बंद रखकर शुष्क दिवस मनाया जाता रहा है। लेकिन वर्तमान में 30 जनवरी 2026 को गांधी जी की पुण्यतिथि होने के बावजूद अब तक जिला प्रशासन की ओर से शराब भट्टियों को बंद रखने संबंधी कोई आदेश जारी नहीं किया गया है।

युवा कांग्रेस का आरोप है कि वर्तमान सरकार महात्मा गांधी के विचारों और नाम को दबाने का प्रयास कर रही है, जो गांधीवादी विचारधारा में विश्वास रखने वाले लोगों के लिए अपमानजनक है। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि जिला प्रशासन द्वारा समय रहते शराब भट्टियां बंद करने का आदेश जारी नहीं किया गया, तो युवा कांग्रेस बालोद द्वारा जिले की शराब भट्टियों के सामने “रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीताराम” के जयघोष के साथ उग्र आंदोलन किया जाएगा।

इस अवसर पर युवा कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और गांधी जी के आदर्शों को आत्मसात करने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!